बीएसएफ जवान की पत्नी ने कहा, अगर मेरे पति की मानसिक हालत ठीक नहीं थी, तो उन्हें बॉर्डर पर क्यों भेजा
बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव ने फेसबुक पर तीन वीडियो डालकर बताया था कि उन्हें एलओसी पर अच्छा खाना तक नसीब नहीं हो रहा है।
नई दिल्ली। फेसबुक पर वीडियो डालकर वरिष्ठ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव के बचाव में उनका परिवार भी उतर आया है। तेज बहादुर यादव की पत्नी शर्मिला ने अपने पति का बचाव करते हुए कहा कि अगर उनकी मानसिक हालत सही नहीं थी तो फिर उन्हें बॉर्डर पर क्यों तैनात किया गया था? शर्मिला ने कहा कि रोटी की मांग करना गलत तो नहीं है। हमें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके पति ने जो किया वो सही किया, वही सच है। शर्मिला ने कहा कि वीडियो डालने के बाद से उनके पति से उनकी बात नहीं हो पा रही है।

वहीं, तेज बहादुर यादव के बेटे रोहित ने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि अच्छे खाने की मांग करना क्या गलत है? रोहित ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। इस मामले की जांच जरूर होनी चाहिए। बीएसएफ जवान के पिता ने कहा कि दिसंबर में तेज बहादुर घर आया था। उसने बताया था कि अब वो वहां नहीं रह सकता क्योंकि वहां खाना नहीं मिल रहा है। आपको बता दें कि बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव ने फेसबुक पर तीन वीडियो डालकर बताया था कि उन्हें एलओसी पर अच्छा खाना तक नसीब नहीं हो रहा है। इसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया।
अधिकारियों ने कहा, शराब का आदी है जवान
गृह मंत्रालय ने इस मामले में जांच के आदेश देते हुए बीएसएफ से रिपोर्ट मांगी थी। वहीं जवान तेज बहादुर के आरोपों के बाद बीएसएफ अधिकारियों का कहना था कि यह जवान अनुशासनहीनता के मामले में पहले भी कई बार सजा पा चुका है। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि जवान अपने से सीनियर अधिकारियों के दिशा निर्देशों का पालन नहीं करता था, इसलिए उस पर कई बार कार्रवाई की गई। उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं थी। सेना के मुताबिक अनुशासनहीनता की वजह से साल 2010 में उसका कोर्ट मार्शल किया गया था। बीएसएफ ने जवान पर शराब का आदी होने का भी आरोप लगाया। ये भी पढ़ें- 'वीडियो डालने के बाद पति से नहीं हो पा रही बात'












Click it and Unblock the Notifications