Breaking: यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गंभीर धाराओंं में अरेस्ट, पटियाला हाउस कोर्ट में होगी पेशी
Breaking: नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रही AI Impact Summit में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। अब इन कार्यकर्ताओं की पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक सभी 4 कार्यकर्ताओं को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।
क्या हुआ था भारत मंडपम में?
दरअसल, भारत मंडपम में चल रहे AI Summit के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने टॉपलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए। इस घटना ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया। यह विरोध अचानक हुआ और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए।

यूथ कांग्रेस ने माना, कांग्रेस हाईकमान को थी प्रदर्शन की जानकारी
इस पूरे मामले पर भारतीय यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'आज यूथ कांग्रेस के सदस्य एआई समिट में गए और 'प्रधानमंत्री समझौतावादी हैं' के नारे लगाए। यह गुस्सा सिर्फ हमारे यूथ कांग्रेस सदस्यों का नहीं है, बल्कि हर उस युवा का है जो आज बेरोजगार है।' भानु चिब ने ये भी माना की पार्टी को इस प्रदर्शन की पहले से जानकारी थी। साथ ही प्रदर्शनकारियों को राहुल गांधी का सिपाही भी बताया।
व्यापार समझौते और किसानों का मुद्दा
उदय भानु चिब ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते से भारत के किसानों और आम लोगों को नुकसान होगा, जबकि फायदा सिर्फ अमेरिका को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे पर युवाओं में नाराजगी है और उसी को व्यक्त करने के लिए यह प्रदर्शन किया गया।
'लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हमारा अधिकार'
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'लोगों की आवाज उठाना हमारा फर्ज है। हमारे देश में लोकतंत्र है और हम कहीं भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर सकते हैं।' उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं को सामने लाना जरूरी है।
यह घटना अब सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि सरकार और विपक्ष के बीच नई राजनीतिक बहस का मुद्दा बन चुकी है। एक तरफ सरकार इसे देश की छवि से जोड़ रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे युवाओं की आवाज बता रही है। आने वाले दिनों में यह विवाद और कितना बढ़ेगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications