लॉकडाउन से प्राइवेट सेक्टर का बुरा हाल, अब BookMyShow ने 20 प्रतिशत कर्मचारियों को निकाला
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस ने चार महीने के अंदर ही दुनिया में 60 लाख लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। जिस वजह से ग्लोबल इकोनॉमी पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। वहीं भारत भी इससे अछूता नहीं है, जहां पिछले दो महीनों से जारी लॉकडाउन की वजह से प्राइवेट कंपनियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिस वजह से घाटे में चल रही कंपनियों ने छंटनी शुरू कर दी है। अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग कंपनी BookMyShow से 270 कर्मचारियों के निकाले जाने की खबर है।

दरअसल सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मार्च में ही मूवी थियेटर को बंद करवा दिया था। जिस वजह से पिछले दो महीनों में सिनेमा उद्योग से जुड़े लोगों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लॉकडाउन के चलते BookMyShow ने 20 प्रतिशत मैन पावर कम करने का फैसला लिया है। जिसके बाद अब 1450 कर्मचारियों में से 270 कर्मचारी निकाले जाएंगे। निकाले गए कर्मचारियों को मानदेय तो नहीं मिलेगा लेकिन उनके मेडिकल इंश्योरेंस, ग्रैच्युटी जैसी सुविधाएं जारी रहेंगी। वहीं दूसरी ओर जिस हिसाब से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उसे देखकर लग रहा कि अभी लंबे वक्त तक मूवी थियेटर बंद ही रहेंगे।
ओला में भी छंटनी
टैक्सी सेवा देने वाली कंपनी ओला ने 1400 लोगों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते कंपनी घाटे में है, बीते दो महीने में कमाई तकरीबन खत्म हो गई है। ओला के सीईओ भावेश अग्रवाल के एक मेल के मुताबिक बीते दो महीने में कंपनी के रेवेन्यू में 95 फीसदी की गिरावट आई है, जिसके चलते कंपनी घाटे में चली गई है। कंपनी के सामने पैसे का संकट है और इसके चलते वह 1,400 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications