हिंदी, मराठी और डोगरी में भी बुक करिए वेबसाइट का डोमेन नाम

नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनआईएक्सआई ) के सीईओ गोविंद ने इस बात की जानकारी दी।
देश में पहली एशिया पैसेफिक रिजनल इंटरनेट गवर्नेंस फोरम के आयोजन के दौरान गोविंद ने बताया, '21 अगस्त से देवनागरी में बुकिंग स्क्रिप्ट को शुरू करने की योजना है। इसका एक्सटेंशन .bharat होगा।' गोविंद के मुताबिक देवनागरी स्क्रिप्ट्स को साधारणतया .com, .in जैसे एक्सटेंशनों के साथ प्रयोग किया जाता है।
किसी भी वेबसाइट के नाम या फिर उसके डोमेन की बुकिंग कराने के लिए 350 रुपए अदा करने होंगे और सब-डोमेन की कीमत 250 रुपए होगी।
शुरुआत के दो माह तक डोमेन के नाम की बुकिंग को उन कंपनियों के लिए खोला जाएगा जिनके पास किसी तरह का ट्रेडमार्क है या फिर वह किसी तरह के ब्रांड, सरकारी संस्थाओं या फिर प्रतिष्ठित व्यावसायिक कंपनियों से जुड़ी हुई हैं। दो माह के बाद इस सेवा को बाकियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
डोमेन नाम की देवनागिरी में बुकिंग की शुरुआत के साथ ही इस बात के कयास भी लगाए जा रहे हैं कि अगले तीन-चार माह के अंदर ही गुजराती भाषा में वेबसाइट की बुकिंग कराने की शुरुआत हो जाएगी।
गोविंद ने इस बाबत बताया कि इस शुरुआत का मकसद यह संदेश देना है कि इंटरनेट के एक्सेस पर किसी भी तरह का कोई भाषाई अवरोधक नहीं होना चाहिए।
गोविंद की मानें तो वह सात स्क्रिप्ट्स डोमेन की शुरुआत हो सके, इस योजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अगले कुछ माह के भीतर गुजराती और दूसरी भाषाओं में जल्द ही इस सेवा को शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।
एनआईएक्सआई ने डोमेन नाम की बुकिंग को पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलगु और उर्दू भाषाओं में लांच करने की योजना पर काम करना शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications