हफ्तेभर में बॉलीवुड को दूसरा बड़ा झटका, जाने-माने डायरेक्टर रेयान स्टीफन का निधन
मुंबई, 29 मई: साल 2021 पिछले साल की तुलना में ज्यादा मनहूस बनता दिख रहा है, जहां हर हफ्ते बॉलीवुड से किसी ना किसी के निधन की खबर आ जाती है। अभी पिछले शनिवार को म्यूजिक डायरेक्टर विजय पाटिल (राम-लक्ष्मण) ने दुनिया को अलविदा कहा था। उस गम से लोग उभरे भी नहीं थे कि 29 मई को एक और बुरी खबर सामने आई, जहां जाने-माने फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर रेयान स्टीफन का निधन हो गया।

कोरोना से संक्रमित
जानकारी के मुताबिक रेयान कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। इसी बीच उनके निधन की खबर आई। जिसके बाद से बॉलीवुड में गम का माहौल है। उनके निधन पर फिल्ममेकर सुपर्ण एस वर्मा ने लिखा कि जिंदगी बहुत निर्दयी है, लेकिन आप (रेयान) दयालु थे। एक निर्दयी दुनिया में आपकी करुणा के लिए धन्यवाद। मुझे खुशी है कि हम आपकी कहानियों के साथ रहे, उन्हें लिखने का आनंद आपकी वजह से था। आप अपने पीछे बहुत से लोग छोड़ जाते हैं जो आपसे प्यार करते हैं। भगवान आपकी आत्मा को शांति दें।

मनोज बाजपेयी भी दुखी
सुपर्ण के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए मनोज बाजपेयी ने लिखा कि हम जो भी इस महान आत्मा को जानते थे, उनके लिए यह बहुत शॉकिंग है। यह सच नहीं हो सकता। मैं आपको बहुत मिस करूंगा मेरे दोस्त रेयान। वहीं एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने लिखा कि मेरा दोस्त रेयान आप बहुत जल्दी चले गए। इसके अलावा वरुण धवन, दीया मिर्जा समेत कई हस्तियों ने दुख व्यक्त किया। साथ ही रेयान के परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

करण के साथ जुड़े
वहीं फिल्मी करियर की बात करें तो रेयान पहले फिल्ममेकर करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के साथ जुड़े थे। बाद में उन्होंने कियारा आडवाणी की फिल्म 'इंदू की जवानी' और काजोल की मशहूर शॉर्ट फिल्म 'देवी' को प्रोड्यूस किया। इस फिल्म में नेहा धूपिया और श्रुति हासन भी नजर आई थीं।

हॉलीवुड से भी आई थी बुरी खबर
आपको बता दें कि बुधवार को हॉलीवुड से भी एक बुरी खबर सामने आई थी, जहां एक्टर केविन क्लार्क का निधन हो गया। वो शिकागो में अपनी साइकिल लेकर घूमने निकले थे। इस दौरान पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद आनन-फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर उनकी मौत हो गई। केविन के निधन के बाद से हॉलीवुड में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications