बॉलीवुड कास्टिंग काउच: रोल के बदले मानवी गगरू के साथ 'समझौता' करना चाहता था शख्स, एक्ट्रेस ने उठाया ये कदम
Bollywood Hindi News: बॉलीवुड में कास्टिंग काउच लंबे वक्त से चला आ रहा है। सोशल मीडिया के इस दौर में अब ज्यादातर एक्ट्रेस चुप्पी साधने की बजाए मुखरकर अपनी बात रखती हैं। इसके बदले उनको लोगों का समर्थन भी मिलता है। अब एक्ट्रेस मानवी गगरू ने अपने साथ हुए एक कास्टिंग काउच के किस्से को शेयर किया है। मानवी Four More Shots Please! जैसी कई वेब सीरीज और फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

काम के बदले 'समझौते' की बात
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में मानवी (Maanvi Gagroo) ने अपने करियर से जुड़े स्ट्रगल को साझा किया। उन्होंने कहा कि वो 2007 से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती थीं। उन्होंने लगातार अपनी कोशिशें जारी रखीं। कई जगहों पर उन्हें काम मिला, तो कई जगहों पर उनको ऑडिशन में ही रिजेक्ट कर दिया गया। इस बीच उन्होंने एक OTT प्लेटफॉर्म पर शिकायत की थी, जब किसी ने उनसे काम के बदले 'समझौते' की बात की। वो चाहती थीं कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

दो बड़ी फिल्मों में मिला काम
इस बीच मानवी को वेब सीरीज 'ट्रिपलिंग' में काम मिला और उनके लिए चीजें बदलना शुरू हो गईं। उन्होंने बड़े पर्दे के लिए 'उजड़ा चमन' और 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' में काम किया। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के प्रदर्शन से वो खुश नहीं हैं। उनको लगता है कि उजड़ा चमन की मार्केटिंग सही से नहीं हो पाई। कई लोग ऐसे भी थे, जो उसके बारे में जानते ही नहीं थे। वहीं शुभ मंगल ज्यादा सावधान समलैंगिकता पर आधारित थी, जो मौजूदा वक्त से ज्यादा आगे का कंटेंट था।

ये एक्ट्रेस भी कास्टिंग काउच का शिकार
कुछ दिन पहले एक्ट्रेस डोनल बिष्ट (Actress Donal Bisht) ने भी कास्टिंग काउच पर चुप्पी तोड़ी थी। डोनल के मुताबिक करियर के शुरुआती दिनों में वो काम की तलाश कर रही थीं। उस दौरान साउथ के एक फिल्ममेकर ने उनको रोल देने की बात कही, साथ ही उनके साथ सोने की मांग कर दी। डोनल के मुताबिक उन्होंने तुरंत उस शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, क्योंकि वो गलत ढंग से नहीं जुड़ना चाहती थीं। उन्होंने मेहनत जारी रखी और अपने मुकाम को हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications