'...पता नहीं था ये आखिरी मुलाकात होगी', सरदूल सिकंदर के साथ बेटी का वीडियो शेयर कर कपिल हुए इमोशनल
नई दिल्ली: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से बुधवार को एक बुरी खबर आई, जहां मशहूर सिंगर सरदूल सिकंदर का निधन हो गया। वो 60 साल के थे, साथ ही कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे थे। सरदूल के निधन से पंजाबी इंडस्ट्री के अलावा बॉलीवुड को भी बड़ा झटका लगा है। जिस पर कई बड़ी हस्तियों ने ट्वीट कर दुख जताया। वहीं कॉमेडियन कपिल शर्मा भी उनके निधन से काफी आहत हुए हैं।

ट्वीट कर लिखी ये बात
सरदूल सिकंदर के निधन के बाद कपिल ने ट्वीट कर लिखा कि बहुत ही दुखदायक खबर है, इनका गाना सुन के आम आदमी भी सुर में हो जाता था। मैं खुशकिस्मत हूं कि पाजी मेरी बेटी की पहली लोहरी के मौके पर पहली बार हमारे घर आए, हम सब बहुत खुश थे, पर पता नहीं था की वो मुलाकात आखिरी होगी, आप बहुत याद आएंगे पाजी, ईश्वर आपको अपने चरणों में जगह दें।

इंस्टा पर पोस्ट किया वीडियो
इसके अलावा कपिल ने सरदूल के साथ का एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। कपिल ने बताया कि ये वीडियो लोहरी का है। वो लोहरी काफी खास थी, क्योंकि उनकी बेटी अनायरा की ये पहली थी। 6 मिनट के इस वीडियो में सरदूल ने कपिल की बेटी को गोद में लिया है। साथ ही उन्होंने पवित्र "इक ओंकार" गाया। कपिल के मुताबिक उस वक्त उनको बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि ये उनकी आखिरी मुलाकात होगी। उन्होंने सरदूल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
किडनी की थी दिक्कत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरदूल को मधुमेह के अलावा किडनी की भी समस्या थी। हाल ही में वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था। इस बीच बुधवार सुबह उनके निधन की खबर आई। उनके निधन पर पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लिखा कि महान पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनके हाल ही में कोविड-19 से पीड़ित होने का पता चला था, जिसका वो इलाज करा रहे थे। आज पंजाबी म्यूजिक जगत ने अपना अहम सितारा खो दिया। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications