दुबई में फंसी एक्ट्रेस ने 2 दिन में प्रोग्राम बनाकर कर ली शादी, अब सारा खर्चा कोरोना फंड में करेंगी दान
मुंबई, मई 20: हिंदी और मराठी फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी ने दुबई में मंगेतर कुणाल बेनोडेकर के साथ शादी रचा ली है। एक्ट्रेस ने मंगलवार को अपने जन्मदिन के खास मौके पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अपने फैंस को यह खुशखबर शेयर की। मराठी में अपनी शादी के बारे में एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए सोनाली कुलकर्णी ने बताया कि उनकी शादी का यह कार्यक्रम बहुत कम लोगों की मौजूदगी में हुआ, साथ ही उनके माता-पिता वर्चुअली इस शादी के प्रोग्राम में जुड़े। वहीं उन्होंने अपनी शादी में खर्च होने वाली राशि को कोरोना राहत के लिए दान करने के बारे में भी बताया है।

दुबई में शादी करने का किया फैसला
एक्ट्रेस ने कहा कि 7 मई को उनकी शादी की तारीख थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर की वजह से उस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था। हालांकि वे जुलाई में शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन वह दुबई में अपने मंगेतर के साथ फंसी हुई थी, इसलिए उन्होंने एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की बजाए कोरोना के जोखिम को कम करने के लिए दुबई में शादी करने का फैसला किया।

2 दिनों में तय किया गया सारा कार्यक्रम
अपने पोस्ट में अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी ने लिखा कि दुनिया भर की स्थिति को देखते हुए वह अनिश्चित थी कि परिवार कब एक साथ आ पाएंगे, इसलिए उनके माता-पिता ने शादी को रजिस्ट्रेशन करवाया और पूरी शादी 2 दिनों में तय की गई और शादी की खरीदारी एक घंटे में पूरी हो गई। चार गवाहों के साथ उन्होंने प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर करने के बाद उन्हें पति-पत्नी घोषित किया गया। वहीं उन्होंने कोरोना के बाद स्थिति सामान्य होने पर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी करने की भी पुष्टि की है।

मराठी फिल्म इंडस्ट्री का फेमस नाम सोनाली
फिल्मफेयर अवार्ड विजेता अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी मराठी फिल्म इंडस्ट्री का काफी जाना पहचाना नाम हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। सोनाली फिल्म ग्रैंड मस्ती और सिंघम रिटर्न्स में नजर आ चुकी हैं। बता दें कि उनका जन्म 18 मई 1988 का जन्म पुणे में एक महाराष्ट्रियन ब्राह्मण परिवार में हुआ है। उनके पिता अभियंता हैं और उनके दो भाई भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications