बॉलीवुड पर दीया मिर्जा ने की खुलकर बात, बताया क्यों नहीं रोल के लिए करतीं दोस्तों का इस्तेमाल?
Bollywood Hindi News: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से बॉलीवुड में हंगामा जारी है। इस बीच कई एक्ट्रेस ऐसी भी थीं, जिन्होंने बॉलीवुड में नेपोटिज्म और कास्टिंगकाउच को लेकर सवाल उठाए, लेकिन काम के मामले में एक्ट्रेस दीया मिर्जा (Actress Diya Mirza) की सोच अलग है। एक ताजा इंटरव्यू में उन्होंने अपने दिल की कई बातें साझा की। साथ ही बॉलीवुड में अपने संघर्ष को बताया।

दोस्तों का नहीं करतीं इस्तेमाल
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में दीया मिर्जा ने कहा कि मैंने उन लोगों के साथ दोस्ती की, जिनके साथ मैंने काम किया है और जिनके साथ बॉलीवुड में 'जमीन' मिली है। वो लंबे समय तक चलने वाली दोस्ती है, लेकिन मैंने कभी किसी फिल्म में रोल मांगने के लिए उस पहुंच का इस्तेमाल नहीं किया। मैं जो काम करती हूं उसे और अपनी दोस्ती को अलग रखती हूं।

...जब नहीं मिलता था मन का काम
अपने जीवन के मुश्किल वक्त को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा मौका आया कि मुझे काम नहीं मिला या फिर काम मिला तो वो उनके मन का नहीं था। ऐसे में वो तनावग्रस्त हो गईं, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखा। उनके मुताबिक बॉलीवुड में उम्र ज्यादा मायने नहीं रखती, जब कोई एक्टर या एक्ट्रेस की उम्र 32-33 हो जाती है, तो उसे उसी तरह के रोल मिलते हैं। उन्होंने साफ किया कि वो किसी बॉलीवुड कैंप (खेमे) का हिस्सा नहीं रही हैं। जो भी उनके दोस्त हैं उनके जरिए उन्होंने सिर्फ काम की जानकारी हासिल करने की कोशिश की। दीया के मुताबिक वो किसी सिस्टम के तहत काम करने में सक्षम नहीं हैं।

ऐसे शुरू हुआ करियर
दीया ने सबसे पहले मॉडलिंग से अपना करियर शुरू किया और उसके बाद 2000 में Miss Asia Pacific का खिताब जीता। फिर उन्होंने आर माधवन के साथ अपनी डेब्यू फिल्म की, जिसका नाम 'रहना है तेरे दिल में' था। रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने ज्यादा कमाई तो नहीं की लेकिन बाद में वो काफी लोकप्रिय हुई। इसके बाद उन्होंने दम, हनीमून ट्रैवल प्राइवेट लिमिटेड जैसी कई फिल्मों में काम किया। फिल्मों के अलावा दीया को पर्यावरण से काफी ज्यादा प्यार है। नए साल पर उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण की अपील की थी और सोशल मीडिया पर बकायदा एक पोस्ट भी लिखी थी।












Click it and Unblock the Notifications