कंगना रनौत का बॉडीगार्ड हुआ गिरफ्तार, महिला ने लगाए थे कई गंभीर आरोप
मांड्या, 30 मई: बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत पूरी तरह से कंट्रोवर्सी क्वीन बन चुकी हैं। वो चाहे कुछ बोलें या चुप रहें, कोई ना कोई विवाद उनसे जुड़ ही जाता है। अब कंगना के बॉडीगार्ड पर गंभीर आरोप लगा है। साथ ही उसको कर्नाटक के गांव से गिरफ्तार किया गया। इस घटना के बाद से कंगना भी अपने विरोधियों के निशाने पर आ गई हैं।

जानकारी के मुताबिक कंगना के बॉडीगार्ड पर एक महिला को शादी का झांसा देकर ठगने का आरोप लगा है। मामले में कर्नाटक के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को मुंबई पुलिस की एक टीम आई थी। जिसने कुमार हेगड़े को मांड्या के हेगडाहल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पहले हेगड़े ने महिला से शादी का वादा कर संबंध बनाए, उसके बाद वो मुंबई से भाग गया। कुछ दिनों बाद वो अपने गांव पहुंचा और वहीं पर रहने लगा।
FIR के मुताबिक पीड़ित की उम्र 30 साल है और वो पेशे से ब्यूटीशियन है। उसकी मुलाकात हेगड़े से एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। शुरू में प्यार दिखाते हुए हेगड़े ने उसे शादी के लिए प्रपोज कर दिया। हालांकि तब शादी तो नहीं हो पाई लेकिन वो लिव इन रिलेशन के लिए तैयार हो गई। उसे उम्मीद थी कि आने वाले दिनों में हेगड़े उससे शादी करेगा। पीड़िता का आरोप है कि वो उससे फिजिकल रिलेशन नहीं बनाना चाहती थी, लेकिन हेगड़े ने उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया।
पीड़ित की मानें तो ये मामला सिर्फ जबरन संबंध बनाने का नहीं बल्कि फ्राड का भी है, जहां एक दिन हेगड़े ने उससे 50 हजार रुपये मांगे। इसके लिए उसने मां की बीमारी का बहाना बताया। किसी तरह पीड़ित ने 50 हजार इकट्ठा कर उसे दिए, जिसके बाद वो कर्नाटक स्थित घर चला गया। आरोप है कि तब से वो पीड़ित से किसी भी तरह संपर्क नहीं कर रहा है। जिस वजह से उन्होंने अब मामला दर्ज करवाया है।












Click it and Unblock the Notifications