दिल्ली: मिंटो ब्रिज के नीचे दो बसें पानी में डूबीं, एक शख्स की मौत
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की तेज वापसी हुई है। जिस वजह से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इसके साथ ही कई इलाकों में पानी भर गया है। इस बीच मिंटो ब्रिज के नीचे जमा हुए पानी में दो बसें डूब गईं। इसमें एक ड्राइवर की मौत की खबर है। इस बीच फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभालते हुए कई लोगों को रेस्क्यू किया। राजधानी के अन्य हिस्सों में भी हालात बुरे हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास मिंटो ब्रिज के नीचे भारी बारिश के बाद पानी जमा हो गया। इसी बीच वहां डीटीसी की दो बसें फंस गईं। इसके कुछ देर बाद नई दिल्ली यार्ड के एक कर्मचारी को वहां पर एक शव तैरता हुआ मिला। ट्रैकमैन रामनिवास मीणा के मुताबिक उन्होंने पटरियों पर ड्यूटी के दौरान एक शव देखा। वो तैरकर गए और उसे बाहर निकाला। उन्हें शव बस के सामने तैरता हुआ मिला था। बस के अलावा कई छोटे वाहन भी डूब गए हैं। अभी तक फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कई लोगों को रेस्क्यू किया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 60 वर्षीय कुंदन के रूप में हुई है। जो सीपी से बस लेकर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बस पानी में डूब गई। उन्होंने निकलने की कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हो सके। उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं, ऐसे में लग रहा है कि डूबने से उनकी मौत हुई है।
मेयर का सरकार पर हमला
मामले में उत्तरी दिल्ली के मेयर जयप्रकाश ने कहा कि इस तरह की घटनाएं तब तक होती रहेंगी, जब तक दिल्ली सरकार अपने गैरजिम्मेदाराना रवैये से मुक्त नहीं हो जाती है। इस मामले में सीएम को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साथ ही मृतक के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध करवानी चाहिए। दिल्ली सरकार को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट
जून के अंत में मानसून दिल्ली पहुंच गया था। इसके बाद से ही वहां पर भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इस हफ्ते बारिश अपेक्षा के हिसाब से कम हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से मानसून ने तेजी पकड़ी है। जिस वजह से सोमवार तक दिल्ली में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications