स्पीकर पद की गरिमा को देखते हुए भाजपा ने नाम वापस लिया: येदुरप्पा
बेंगलुरू। कर्नाटक विधानसभा स्पीकर के लिए भाजपा के सुरेश कुमार के नाम वापस ले लेने पर बीएस येदुरप्पा ने कहा कि विधानसभा स्पीकर के पद की गरिमा के लिए ये बेहतर नहीं होता कि इसके लिए खींचतान हो, स्पीकर सर्वसम्मति से चुना जाए इसके लिए ही भाजपा ने पद से नाम वापस ले लिया। येदुरप्पा ने कहा कि उनकी पार्टी स्पीकर पोस्ट के लिए चुनाव के हक में नहीं थी इसलिए ये फैसला किया गया। कर्नाटक विधानसभा स्पीकर के लिए गुरुवार को कांग्रेस के साथ भाजपा की ओर से भी नामांकन किया गया था। शुक्रवार के सुरेश कुमार ने नाम वापस ले लिया जिसके बाद कांग्रेस के केआर रमेश कुमार को निर्विरोध स्पीकर चुन लिया गया।

कर्नाटक विधानसभा में शुक्रवार को जेडीएस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार का सदन में बहुमत परीक्षण है। इससे पहले येदुरप्पा सरकार ने सदन में बहुमत साबित करने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद जेडीएस और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई और एचडी कुमारस्वामी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।
कांग्रेस के जी परमेश्वर उपमुख्यमंत्री बने हैं। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने गुरुवार को कहा कि जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार पूरे पांच वर्ष तक चलेगी, लेकिन यह निश्चित नहीं है कि इस पूरी अवधि के दौरान मुख्यमंत्री का पद जेडीएस के ही पास ही रहेगा। वहीं कुमारस्वामी ने भी गठबंधन सरकार के सफल रहने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications