जम्मू-कश्मीर में 30 जुलाई को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, पीएम मोदी और शाह भी हो सकते हैं शामिल
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में जिस तरह से केंद्र सरकार ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजने का फैसला लिया है, उसके बाद से ही घाटी में अनिश्चितता का दौर बना हुआ है। सरकार ने अपने इस फैसले के बाद जम्मू कश्मीर भाजपा कोर कमेटी की आपात बैठक मंगलवार को बुलाई गई है। माना जा रहा है कि बैठक की अध्यक्षता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे और इस दौरान पार्टी के संगठन के महासचिव बीएल संतोश भी मौजूद रहेगे। संभव है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक में शिरकत कर सकते हैं।

एजेंडा तय नहीं
बैठक की पुष्टि करते हुए प्रदेश के नेता का कहना है कि अभी तक बैठक का एजेंडा तय नहीं हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गृह मंत्री अमित शाह ने जिस तरह से संसद के भीतर अनुच्छेद 370 को लेकर बयान दिया है, उसके बाद पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है। जम्मू कश्मीर में भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि जिस तरह से आनन-फानन में बैठक बुलाई गई है, संभव है कि काफी अहम मुद्दे को लेकर यह बैठक बुलाई गई है। संभव है कि अनुच्छेद 35 ए को लेकर यह बैठक हो।
बारूद में हाथ ना लगाएं
उधर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को केंद्र को आगाह किया कि राज्य में अनुच्छेद 35 ए से छेड़छाड़ करना बारूद में आग लगाने जैसा होगा। यदि कोई हाथ अनुच्छेद 35 ए को छूने की कोशिश करेगा तो न सिर्फ वह हाथ, बल्कि सारा शरीर जलकर राख बन जाएगा। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) का स्थापना दिवस मनाने के लिए यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मुफ्ती ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अनुच्छेद 35 ए की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ने को तैयार रहें। यह अनुच्छेद राज्य के स्थायी निवासियों को विशेष अधिकार प्रदान करता है।
किसी भी हद तक जाएंगे
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि हम अपनी आखिरी सांस तक कश्मीर की रक्षा करेंगे। पीडीपी कभी समाप्त नहीं होगी। आज बारिश में हमारे कार्यकर्ता अपना पैसा खर्च करके दूर दराज से आए हैं। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर के लिए शहीद हुए लोगों को याद करने की जरूरत है। हमें एक बड़ी लड़ाई के लिए तैयार रहने की जरूरत है। चुनाव आते हैं और चले जाते हैं लेकिन असली लड़ाई जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे के लिए लड़ना है। हम राज्य की स्थिति को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications