Loksabha Election: बीजेपी ने जारी की पांचवी सूची, दक्षिण भारत में इन चेहरों पर किया भरोसा
बीजेपी ने दक्षिण भारत में कुल 16 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने आंध्र प्रदेश में 6, तेलंगाना में 2, केरल में 4, कर्नाटक में 4 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

आंध्र प्रदेश
बीजेपी ने आंध्र प्रदेश में 6 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है। इसमें कोथाप्लली गीता को अराकू से, सीएम रमेश को अनाकापल्ली से, डी पुरंदरेश्वरी को राजमुंदरी से, बुपाथिराजू वर्मा को नरसापुरम से, वरप्रसाद राव को तिरूपति से और एन किरण कुमार रेड्डी को राजमपेट से टिकट मिला है।
आपको बता दें कि वेलागापल्ली वरप्रसाद राव वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से गुडूर से विधायक हैं और आज ही बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा अनकापल्ली का टिकट पाने वाले सीएम रमेश भी टीडीपी से भाजपा में शामिल हुए हैं।
कर्नाटक
कर्नाटक में बीजेपी ने 4 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। बीजेपी ने बेलगाम से जगदीश शेट्टार को, रायचूर से राजा अमरेश्वर नायक, उत्तर कन्नड से विश्वेशवर हेगड़े कगेरी को, चिक्कबल्लापुर से के. सुधाकर को टिकट दिया है।
बीजेपी ने कर्नाटक से 6 बार सांसद रहे अनंत कुमार हेगड़े को टिकट नहीं दिया है। वहीं, बेलगाम से कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार को मैदान में उतारा है। विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, जो पिछले साल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भीमन्ना नाइक से सिर्फ 8000 से अधिक वोटों से हार गए थे, उन्हें उत्तर कन्नड़ निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया गया है।
केरल
केरल में बीजेपी ने 4 कैंडिडेट्स के नामों का खुलासा किया है। वायनाड से के. सुरेन्द्रन, आलत्तूर से टी.एन. सरासु, एर्नाकुलम से केएस राधाकृष्णन, कोल्लम से जी. कृष्णकुमार को टिकट दिया गया है।
वायनाड सीट राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र होने की वजह से बहुत चर्चित रहा है। यहां पर भाजपा ने अपनी राज्य इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन को उतारा है।
तेलंगाना
बीजेपी ने तेलंगाना में 2 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। वारंगल से बीजेपी ने अरूरी रमेश और खम्मम से तन्द्रा विनोद राव को उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications