‘उत्तर और दक्षिण राज्यों के बीच फूट डाल रहे राहुल गांधी’, BJP ने चुनाव आयोग से की कांग्रेस नेता की शिकायत
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर भाषा और प्रांत के नाम पर विभाजन की 'साजिश' रचने का आरोप लगाया है।
चुनाव आयोग से मिलकर प्रतिनिधिमंडल के लौटने के बाद बीजेपी नेता तरुण चुघ ने कहा कि आज पार्टी का एक शिष्टमंडल चुनाव आयोग से मिला है। उन्होंने चुनाव आयोग से राहुल गांधी की शिकायत ही है क्योंकि वे लगातार भाषा और प्रांत के नाम पर देश को बांटने की साजिश रच रहे हैं।

बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता इस बार उत्तर और दक्षिण के बीच में भ्रम पैदा कर रहे हैं, उसकी शिकायत की गई है। हमने उनके भाषणों के लिंक भी चुनाव आयोग को दिए हैं।
तरुण चुघ ने कहा कि राहुल अपने भाषणों में उत्तर व दक्षिण की लड़ाई के लिए पूरा प्रयास करते नजर आ रहे हैं। देश तरक्की कर रहा है लेकिन राहुल गांधी देश को टुकड़ों में बांटने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी भाषाओं का सम्मान करती है।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने तमिलनाडु में भाषा के आधार पर लोगों के बीच में भ्रम फैलाने की कोशिश की। ये सीरियल और आदतन अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि देश के अंदर एक राष्ट्र, एक भाषा और एक नेता योजना चल रही है। बीजेपी नेता ने कहा कि केरल और अन्य राज्यों के दौरे पर भी राहुल गांधी ने अपने भाषणों के जरिए एक दूसरे को लड़ाने का प्रयास किया है।
तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी झूठा प्रचार कर रहे हैं कि देश में 20 करोड़ गरीब बढ़ गए हैं, जबकि इसका कोई आंकड़ा वह पेश नहीं कर पा रहे हैं। चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि इस मामले में ठोस कार्रवाई होगी।
आपको बता दें कि बीजेपी से पहले कांग्रेस सोमवार को अपनी शिकायतें लेकर चुनाव आयोग के पास पहुंची थीं। कांग्रेस ने पीएम मोदी की ओर से बांसवाड़ा में दिए गए बयानों को लेकर चुनाव आयोग में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications