कर्नाटक पहुंचे अमित शाह, सिद्धगंगा मठ के स्वामी से की मुलाकात
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह अपने दो दिन के दौरे पर सोमवार को कर्नाटक पहुंचे हैं। हाल में कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के लिंगायत-वीरशैव समुदाय को धार्मिक अल्पसंख्यक का दर्जा देकर केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव भेजने के बाद शाह का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सोमवार को भी शाह सबसे पहले तुमकुर के सिद्धगंगा मठ पहुंचे और मठ के स्वामी श्री श्री श्री शिवकुमार स्वामी से मुलाकात की। सिद्धगंगा मठ लिंगायत समुदाय से जुड़ा बड़ा मठ है।

अमित शाह ने इस मुलाकात को लेकर ट्वीट किया और बताया कि उन्हें स्वामी जी का आशीर्वाद मिला। शाह ने लिखा है कि स्वामी जी को देखकर ईश्वर की अनुभूति हुई। स्वामी जी का आशीर्वाद हमारी ताकत बढ़ाने वाला और हमें ऊर्जा देने वाला है।अमित शाह का शिवामोग्गा में नारियल उत्पादकों के सम्मेलन में भाग लेंने और राष्ट्रकवि कुवेम्पु के घर जाने का भी कार्यक्रम है। मंगलवार को मदारा चेन्नैया मठ, शाह बेक्किनकल, सिरगेरे और मुरुगा सहित कई मठों का दौरा करेंगे।
लिंगायतों को भाजपा को वोटर माना जाता रहा है। बीजेपी ने लिंगायत समुदाय से आने वाले बीएस येदियुरप्पा को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर रखा है लेकिन कांग्रेस सरकार के लिंगायतों को अल्पसंख्यक का दर्जा देकर इस प्रस्ताव को केंद्र के पास भेजने के बाद भाजपा को अपने इस परंपरागत वोटबैंक के कांग्रेस की तरफ जाने का डर सता रहा है। ऐसे में भाजपा अध्यक्ष कर्नाटक पहुंचे हैं, दो दिन तक उनका कई मठों में ही जाने का प्रोग्राम है। इस साल कर्नाटक में चुनाव होना है, जिसको देखते हुए कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही पार्टियों के बड़े नेता लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications