ताजमहल एक हिन्दू मंदिर है, यहां देवी-देवताओं के सारे चिन्ह मौजूद: विनय कटियार
नई दिल्ली। भाजपा सांसद विनय कटियार का कहना है कि ताजमहल एक हिन्दू मंदिर है, वहां देवी-देवताओं के होने की सारी निशानियां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जहां मजार है, वहां पर शिवलिंग था, ऊपर से जो पानी टपकता है वो शिवलिंग पर ही टपकता था। मुगलकाल में शिवलिंग को हटाकर मजार बना दी गई। भाजपा सांसद ने कहा कि मुगलों ने हमारे देव स्थानों को तोड़ने का काम किया।

उत्तर प्रदेश के सरधना विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक संगीत सोम ने हाल ही में दिए एक बयान में ताजमहल को भारतीय संस्कृति पर धब्बा बताते हुए कहा है कि बहुत लोगों को दर्द हुआ कि आगरा का ताजमहल ऐतिहासिक स्थलों से निकाल दिया गया, कहां का इतिहास, कौन सा इतिहास, क्या वो इतिहास कि ताजमहल को बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान से सभी हिंदुओं का सर्वनाश करने का काम किया था, ऐसे लोगों का अगर आज भी इतिहास में नाम होगा तो ये दुर्भाग्य की बात है और मैं गारंटी के साथ आपसे कहता हूं कि इतिहास बदला जाएगा। संगीत सोम का ये बयान उत्तर प्रदेश सरकार के ताज महल को एतिहासिक पर्यटन स्थलों की सूची की पुस्तिका से बाहर करने के बाद आया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालांकि ताजमहल को भारतीय मजदूरों के खून-पसीने से बनी इमारत बताते हुए उसके संरक्षण की बात कही है। वहीं विपक्षी पार्टियों ने इसको लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। सपा नेता आजम खान ने ताजमहल के साथ-साथ मुगलों और अंग्रेजों की बनवाई सभी इमारतों को गिरा देने की बात नरेंद्र मोदी से कही है। फिल्म जगत की हस्तियों ने भी ताजमहल पर इस तरह की बहस को दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। अब विनय कटियार ने ताजमहल को स्पष्ट रूप से मंदिर कहा है।












Click it and Unblock the Notifications