कुत्ता घुमाने वाले IAS दंपति के ट्रांसफर पर भड़की मेनका गांधी, बोलीं-दिल्ली का नुकसान हुआ है
नई दिल्ली, 28 मई: दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता टहलान को लेकर फंसे आईएएस अफसर संजीव खिरवार को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद मेनका गांधी की ओर से बड़ा बयान आया है। एनिमल एक्टिविस्ट मेनका गांधी ने आईएएस अफसर के ट्रांसफर पर कहा कि, इससे दिल्ली का नुकसान हुआ है। मेनका गांधी ने कहा कि आईएएस खिरवार दंपति को साजिश के तहत दिल्ली से हटाया गया है। मैं खिरवार दंपति को अच्छी तरह जानती हूं। उन पर जो आरोप लगे हैं, वे पूरी तरह झूठे हैं।

मेनका गांधी ने केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि, ये कौन सा तरीका है कि किसी को भी उठाकर कहीं भी फेंक दिया। हालांकि यह भी बोलीं कि लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में भी अच्छे अधिकारियों की जरूरत है। मैं आईएएस खिरवार को अच्छी तरह से जानती हूं। उन पर जो आरोप लगे हैं वह बिल्कुल झूठे हैं। वह बहुत ही काबिल अधिकारी हैं। अच्छे और ईमानदार हैं।
मेनका गांधी ने कहा कि, जब वह दिल्ली में सेक्रेटरी ऑफ इन्वायरमेंट थे तो दिल्ली को उनसे बहुत फायदा हुआ था। इससे दिल्ली का ही नुकसान हुआ है। वह लोगों की बात सुनते हैं और उन पर कार्रवाई भी करते हैं, इसीलिए उन पर जो कार्रवाई की गई है वह बिल्कुल गलत है। मेनका ने आगे कहा कि, दूसरा यह है कि लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश यह ऐसी जगह नहीं है जो पनिशमेंट पोस्टिंग का मुद्दा बनाया जाएं। इन प्रदेशों में भी काबिल लोगों की जरूरत है। ऐसी जगह जहां लोग खुशी-खुशी चले जाते हैं।
दरअसल, दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता घुमाने के मामले में केंद्र सरकार ने आईएएस संजीव खिरवार और उनकी पत्नी रिंकू धुग्गा का ट्रांसफर कर दिया था। आईएएस संजीव खिरवार का तबादला लद्दाख किया गया है तो वहीं उनकी आईएएस पत्नी रिंकू धुग्गा को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया है। केंद्र सरकार की इस कार्रवाई को पनिशमेंट के तौर पर बताई जा रही है।
दिल्ली सरकार में रेवेन्यू विभाग के प्रमुख सचिव संजीव खिरवार त्यागराज पर आरोप था कि वे स्टेडियम में 'डॉग वॉक करते हैं। इससे वहां खेलने वाले खिलाड़ियों को दिक्कत होती थी। अधिकारियों पर आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से शाम होते ही स्टेडियम कब्जा लेते हैं। इतना ही नहीं उस समय वहां प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों को और उनके कोचो को वे भगा देते हैं। एक कोच ने बताया कि वे यहां 8 से 8:30 बजे तक ट्रेनिंग कराने आते थे लेकिन अब शाम के 7 बजते ही स्टेडियम छोड़ने के लिए कहा जाता है, ताकि अधिकारी कुत्ते को वहां टहला सकें।
इस खबर के बाद काफी बवाल मचा था। जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आईएएस संजीव खिरवार का तबादला दिल्ली से लद्दाख कर दिया है। वहीं उनकी आईएएस पत्नी रिंकू धुग्गा को अरुणाचल प्रदेश भेज दिया गया था। गृह मंत्रालय के इस कदम को एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications