"लिव-इन रिलेशनशिप एक गंभीर बीमारी", बीजेपी सांसद ने सदन में रख दी अजब-गजब मांग
"लिव-इन रिलेशनशिप एक बेहद ही खतरनाक बीमारी है।" ये कहना है बीजेपी के एक सांसद का। हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धरमबीर सिंह ने लिव-इन रिलेशनशिप को एक खतरनाक बीमारी बताते हुए सरकार से इसके खिलाफ कानून बनाने की मांग की है।
शीतकालीन सत्र के दौरान शून्यकाल में इस मसले को उठाते हुए सांसद ने लव मैरिज पर भी सवाल उठा दिए। धरमबीर सिंह का तर्क था कि प्रेम विवाह में तलाक ज्यादा होते हैं। इसलिए शादी-विवाह के मामलों में माता-पिता की मर्जी होना जरूरी है।

शुन्यकाल के दौरान बीजेपी सांसद ने कहा, "मैं संसद और सरकार के समक्ष यह गंभीर मुद्दा उठाना चाहता हूं। भारत की संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम के लिए जानी जाती है। हमारा सामाजिक ताना-बाना दुनिया में कई अन्य देशों से अलग रहा है। पूरी दुनिया ही हमारी विविधता में एकता वाली संस्कृति से प्रभावित रही है।" सांसद ने आगे कहा कि भारत में अरेंज मैरिज की परंपरा रही है। अभी भी भारतीय समाज का एक बड़ा हिस्सा अरेंज मैरिज को तवज्जो देता है। आज भी माता-पिता और रिश्तेदारों की रजामंदी के बाद शादियां होती हैं। सांसद का कहना था कि अरेंज मैरिज में लड़के की मर्जी के साथ-साथ उसके माता-पिता और रिश्तेदारों से भी मशविरा होता होता है। इसके अलावा भी शादी में कई अन्य बातों का ध्यान भी रखा जाता है।
धरमबीर सिंह ने कहा, "शादी जैसे पवित्र बंधन की पवित्रता बनी रहती चाहिए। शादी को एक पवित्र रिश्ता माना जाता है, जो 7 पीढ़ियों तक चलता है। भारत में तलाक की दर महज 1.1 फीसदी है, जबकि अमेरिका में यह 40 पर्सेंट है। यह पाया गया है कि अरैंज मैरिज में तलाक बहुत कम होते हैं। हालांकि देश में बीते कुछ समय में तलाक के मामले बढ़े हैं।" सांसद का कहना था कि भारत में तलाक का प्रतिशत लव मैरिज की वजह से बढ़ा है।
सांसद ने कहा, "मेरा सुझाव है कि लव मैरिज में माता-पिता की मंजूरी को अनिवार्य किया जाए। इसकी वजह ये है कि देश के बड़े हिस्से में सगोत्रीय विवाह नहीं होते। लव मैरिज के चलते गांवों में बहुत से विवाद होते हैं। ऐसे झगड़ों मे तमाम परिवार तबाह हो जाते हैं। ऐसे में दोनों परिवारों की मंजूरी लेकर शादी होना जरूरी है।" उन्होंने आगे कहा कि अब तो एक और नई बीमारी पैदा हो गई है, जिसे लिव-इन रिलेशनशिप कहा जा रहा है। इसके तहत दो लोग बिना शादी के ही साथ रह सकते हैं।
लिव-इन रिलेशनशिप की खामियां गिनाते हुए धरमबीर सिंह ने श्रद्धा मर्डर केस का भी जिक्र किया। धर्मबीर सिंह ने कहा, "ऐसे रिश्ते पश्चिमी देशों में सामान्य होते हैं, लेकिन हमारे समाज में भी यह बुराई तेजी से फैल रही है। इसके परिणाम बेहद खतरनाक हैं। हाल ही में श्रद्धा और आफताब पूनावाला का केस भी सामने आया था। ये दोनों भी लिव-इन रिलेशनशिप में ही साथ रहते थे।" सांसद ने आगे कहा कि ऐसे केस अब लगभग रोज ही आ रहे हैं। इससे हमारी संस्कृति खत्म हो रही है और समाज में भी नफरत पैदा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications