भाजपा सांसद ने पद्मावती फिल्म का किया विरोध, कहा- 'जिनकी बीवी रोज शौहर बदलती हैं उनके लिए जौहर की कल्पना मुश्किल'
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के उज्जैन से भाजपा के सांसद चिंतामणि मालवीय ने फिल्म पद्मावती के विरोध में एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है इस फिल्म का मैं बहिष्कार करता हूं। फिल्मी दुनिया में, एक पत्नी आज छोड़ दी, कल दूसरी के साथ... जिनकी बीवी रोज शौहर बदलती हैं उनके लिए जौहर की कल्पना मुश्किल है। इससे पहल वह एक फेसबुक पोस्ट के जरिए भी पद्मावती फिल्म का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा है- मैं फिल्म पद्मावती का पुरजोर विरोध और बहिष्कार करता हूं। मेरे शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस फिल्म को बिल्कुल न देखें। फिल्म बनाकर चन्द पैसों के लालच के लिए इतिहास से छेड़छाड़ करना शर्मनाक और घृणित कार्य है।

उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में आगे लिखा है- हर भारतीय नारी की आदर्श रानी पद्मावती जी पर भारतीयों को गर्व है। रानी पद्मावती ने अपने सतीत्व और देश और समाज की आन बान शान के लिए हजारों नारियों के साथ स्वयं को आग में झोंक दिया था। उसे तोड़ मरोड़ कर दिखाना वास्तव में इस देश का अपमान है। भंसाली जैसे लोगों को कोई और भाषा समझ नहीं आती। इन जैसे लोगों को सिर्फ जूते की भाषा ही समझ आती है।
यह देश रानी पद्मावती का अपमान नही सहेगा। हम गौरवशाली इतिहास के साथ छेड़खानी भी बर्दाश्त नहीं कर सकते। अलाउद्दीन खिलजी के दरबारी कवियों द्वारा लिखे गए गलत इतिहास पर संजय लीला भंसाली ने पद्मावती फिल्म बना दी है। यह न सिर्फ गलत है बल्कि निंदनीय है । जिन फिल्मकारों के घरों की स्त्रियां रोज अपने शौहर बदलती हैं वे क्या जाने जौहर क्या होता है? अभिव्यक्ति के नाम पर संजय भंसाली की मानसिक विकृति नही सहन की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications