Karnataka: IAS अफसर पर 'पाकिस्तान' वाली टिप्पणी कर घिरे BJP नेता रविकुमार, दर्ज हुई FIR
N Ravikumar Controversy: कर्नाटक की सियासत में इन दिनों एक बयान ने ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है, जो थमने का नाम नहीं ले रहा। भाजपा के MLC एन रविकुमार ने कलबुर्गी की डिप्टी कमिश्नर फौजिया तरन्नुम पर ऐसा विवादित बयान दे दिया। बयान ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया, बल्कि प्रशासनिक सेवा से जुड़े अफसरों को भी गुस्से से भर दिया।
रविकुमार के बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। IAS अधिकारी फौजिया तरन्नुम वही अफसर हैं, जिन्हें हाल ही में राष्ट्रपति से राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। रविकुमार के इस बयान के बाद माहौल गरमा गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ और हर तरफ से तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

कलबुर्गी की डिप्टी कमिश्नर पर आपत्तिजनक बयान
कर्नाटक में भाजपा MLC एन रविकुमार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन्होंने एक रैली में कलबुर्गी की डिप्टी कमिश्नर और IAS अधिकारी फौजिया तरन्नुम को लेकर कहा, "मालूम नहीं वो पाकिस्तान से आई हैं या यहां की अफसर हैं।" यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया।
ये भी पढ़ें: 'जय हिंद सभा' में गरजे कांग्रेस नेता: पायलट बोले- PoK भारत का हिस्सा है, गहलोत ने उठाए RSS-सीजफायर पर सवाल
राष्ट्रपति से सम्मानित हैं फौजिया तरन्नुम
फौजिया तरन्नुम 2015 बैच की IAS अधिकारी हैं और उन्हें इस साल जनवरी में भारत के राष्ट्रपति द्वारा बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवॉर्ड से नवाजा गया था। इसके अलावा उन्हें 'एक्सीलेंस इन गवर्नेंस अवॉर्ड' भी मिल चुका है। उन्होंने कलबुर्गी रोटी को ब्रांड बनाने और क्षेत्र में मोटे अनाज को फिर से लोकप्रिय बनाने जैसी कई सराहनीय पहल की हैं।
IAS अफसरों ने जताई नाराजगी
कर्नाटक की IAS अफसरों की एसोसिएशन ने रविकुमार की टिप्पणी की कड़ी निंदा की है और उनसे बिना शर्त माफी की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां किसी अधिकारी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है और प्रशासनिक सेवा की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
राजनीतिक घमासान के बीच आया बयान
यह पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के नेता चलवाड़ी नारायणस्वामी को कलबुर्गी के सरकारी गेस्ट हाउस में घेर लिया था। नारायणस्वामी ने कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे की तुलना "कुत्ते" से कर दी थी, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए थे। इसी घटना के विरोध में रविकुमार ने रैली की और वहीं विवादित बयान दे डाला।
कई धाराओं में मामला दर्ज
एन रविकुमार पर राष्ट्रीय एकता के खिलाफ बयान देने, धार्मिक भावनाएं भड़काने, सरकारी अधिकारी को डराने और आपराधिक धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। FIR सोमवार को दर्ज की गई।
कांग्रेस ने भी जताई नाराजगी
कलबुर्गी जिले के प्रभारी मंत्री प्रियांक खड़गे ने रविकुमार के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, "भाजपा नेताओं की सोच मुस्लिम और पाकिस्तान से आगे नहीं जाती।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर ऐसे बयान देकर अफसरों का मनोबल गिराने की कोशिश कर रही है।
रवि कुमार का राजनीतिक सफर
एन रविकुमार 2018 में निर्विरोध विधान परिषद के लिए चुने गए थे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा ABVP में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं और पिछले साल दूसरी बार भाजपा से MLC नामित हुए थे।
ये भी पढ़ें: BJP Leader Video: UP में भाजपा नेता का महिला के साथ वीडियो वायरल, MP जैसी सच्चाई या साजिश? जानें पूरा मामला












Click it and Unblock the Notifications