'2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा गवां सकती है बहुमत', कांग्रेस सांसद थरूर ने किया बड़ा दावा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2024 के चुनाव में बहुमत गवां सकती है। पार्टी को 50 सीटों पर हार मिलना तय है।

लोकसभा चुनाव 2024 में अभी एक साल का समय है। लेकिन चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करके सत्ता पर कब्जा किया जा सके, इसके लिए राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारियों में जुट गईं हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की तरफ से भारत जोड़ो यात्रा भी की जा रही है। इस वक्त यात्रा पंजाब में है। कांग्रेस का मानना है कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं, इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने शुक्रवार को दावा करते हुए कहा कि भाजपा के लिए 2024 में अपनी 2019 की चुनावी जीत को दोहराना "असंभव" होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में पार्टी अपनी 50 सीटें भी खो सकती है।
दरअसल, तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर शुक्रवार को केरल साहित्य महोत्सव में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के देश में प्रभुत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी ने कई राज्यों को खो दिया है। ऐसे में 2024 में लोकसभा चुनाव हारना संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि "यदि आप देखें तो भाजपा ने 2019 में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया था। उनके पास अनिवार्य रूप से हरियाणा, गुजरात, राजस्थान की हर सीट थी। वहीं, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में एक सीट को छोड़कर पार्टी ने सभी सीटों पर जीत दर्ज किया था। जबकि बंगाल में पार्टी को 18 सीटों पर जीत मिली थी। लेकिन 2024 में इन सभी सीटों पर जीत दोहराना मुश्किल होगा। ऐसे में पार्टी अगर बहुमत से भी दूर हो जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि चुनाव के आखिरी वक्त में पुलवामा हमलों और बालाकोट हमले के कारण पार्टी के प्रति एक जबरदस्त लहर बन गई थी। लेकिन 2024 में इसे दोहरा पाना संभव नहीं होगा। 66 वर्षीय कांग्रेस सांसद ने कहा कि 2024 में भाजपा 50 सीटें इन राज्यों में गंवा सकती है। ऐसे में विपक्ष पूरे चुनाव में बढ़त बना सकता है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान जब कांग्रेस सांसद शशि थरूर से जब विपक्षी पार्टियों के एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कह पाना असंभव है। उन्होंने कहा कि ये आने वाला वक्त बताएगा कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी पार्टियां एक होंगी या नहीं?
Recommended Video

कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर भाजपा 250 सीटों पर जीत दर्ज करती है और विपक्षी पार्टियां 290 सीटों पर जीत दर्ज करती हैं, तो क्या भाजपा 20 या फिर 10 को अपने साथ कर पाएगी। हालांकि इस बारे में ज्यादा नहीं कह सकता हूं। आपको बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 543 में 303 सीटें जीती थी। जबकि कांग्रेस को केवल 52 सीटों पर ही जीत मिली थी।
वहीं, थरूर ने आजादी के 75 साल बाद भारत के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में भी बात की। उन्होंने लोकतंत्र में वंशवाद एक "चुनौती" है। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक पार्टी में वंशवाद हावी है। कांग्रेस में वंशवाद को लेकर उन्होंने कहा कि आप देश के चारों ओर देखेंगे तो सभी पार्टियों में वंशवाद पाएंगे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह (यादव) या फिर लालू प्रसाद यादव हों, उनकी पार्टी के उत्तराधिकारी उनके बेटे हैं। करुणानिधि के बाद उनके उत्तराधिकारी उनके बेटे हैं। वहीं, बाल ठाकरे के बाद उनके बेटे उत्तराधिकारी बने।
आपको बता दें कि एशिया के सबसे बड़े साहित्य सम्मेलनों में से एक केरल लिटरेचर फेस्टिवल नोबेल पुरस्कार विजेताओं, बुकर पुरस्कार विजेता लेखकों, वरिष्ठ राजनेताओं से लेकर इतिहासकारों, फिल्मी हस्तियों, राजनयिकों और कलाकारों तक साहित्यिक और संस्कृति के प्रतीक के एक उदार मिश्रण की मेजबानी कर रहा है।
वक्ताओं की सूची में 2022 बुकर पुरस्कार विजेता शेहान करुणातिलक, नोबेल पुरस्कार विजेता अदा योनाथ और अभिजीत बनर्जी, अमेरिकी इंडोलॉजिस्ट वेंडी डोनिगर, अभिनेता कमल हासन, बच्चों की लेखिका सुधा मूर्ति और अनुभवी गायिका उषा उथुप शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Santokh Singh: कांग्रेस सांसद के परिवार से मिलने पहुंचे राहुल गांधी, सोनिया गांधी ने भेजा शोक संदेश












Click it and Unblock the Notifications