केंद्रीय मंत्री के खिलाफ FIR से भड़की बीजेपी, कहा- अपनी असफलता छिपाने के लिए कांग्रेस लगा रही आरोप
नई दिल्ली: राजस्थान में चल रहे सियासी ड्रामे के बीच गुरुवार शाम दो ऑडियो सामने आए। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी गहलोत सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रही है। जिसका इस ऑडियो में जिक्र भी है। कांग्रेस की शिकायत के बाद राजस्थान एसओजी ने दो एफआईआर दर्ज की है, जिसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और कांग्रेस नेता भंवर लाल शर्मा का नाम है। अब बीजेपी नेताओं ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि वो हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं, क्योंकि ऑडियो में उनकी आवाज है ही नहीं। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया के मुताबिक आज राजस्थान की राजनीति के लिए शर्मनाक दिन है। मुख्यमंत्री आवास आज फेक ऑडियो और नेताओं की छवि खराब करने का केंद्र बन गया है। अब कांग्रेस मामले में केंद्रीय मंत्री का नाम बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
वहीं बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उनकी पार्टी सभी आरोपों को सिरे से खारिज करती है। कांग्रेस पूरी तरह से प्रस्ट्रेट हो गई है क्योंकि वो अपनी पार्टी को ही नहीं बचा पा रही है। अब अपनी असफलता को छिपाने के लिए उन्होंने बीजेपी को बदनाम करने की साजिश रची है।
क्या था कांग्रेस का आरोप?
इससे पहले रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि गुरुवार शाम और आज तक जो टेप सामने आए हैं, उनसे साफ है कि बीजेपी की ओर से कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने और विधायकों की निष्ठा को खरीदने का षड्यंत्र किया गया है। ये भी साफ है कि चीन या कोरोना से लड़ने की बजाए बीजेपी और मोदी सरकार सत्ता लूटने का काम कर रही है। सुरजेवाला के मुताबिक ऑडियो टेप की सच्चाई की जांच होने तक कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा और विश्वेंद्र सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications