INDIA गठबंधन को बीजेपी ने बताया-हिंदू विरोधी गठजोड़ है, संजय राउत ने किया पलटवार
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए गठबंधन इंडिया की आज मुंबई में बैठक हो रही है। यह इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की पहली बैठक है। अब इस बैठक को लेकर बीजेपी नेता संबित पात्रा ने तंज कसा है।
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने विपक्षी दलों के आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक पर निशाना साधते हुए कहा है कि हिंदू धर्म समाप्त करने के लिए 26 राजनीतिक दल एंटी हिंदू कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक कर रहे हैं। उन्होंने इसे 'अधर्मी गठबंधन' भी करार दिया।

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि, मुंबई में आज शरद पवार जी के घर एएचसीसी यानी एंटी हिंदू कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक है। हिंदू धर्म को किस प्रकार समाप्त किया जाए उसे लेकर ये 26 दल आज बैठक करेंगे। खबर ये भी है कि आज इनके बीच सीट शेयरिंग पर भी चर्चा होगी।
पात्रा ने दावा किया कि, मगर सुबह से ही इनके बीच आपस में खींचातानी चल रही है। दरअसल इनके बीच कोर्डिनेशन से पहले ही डिसकोर्डिनेशन प्रारंभ हो गया है। ये कोई कैंपेन या सीट शेयरिंग की मीटिंग नहीं है। इनका मकसद सिर्फ हिंदू धर्म को खत्म करना है। मीटिंग इसी विषय पर है। उन्होंने हिंदू धर्म को डेंगू और मलेरिया, कोरोना, कुष्ठ रोग और एड्स कहा। वे हिंदू धर्म की तुलना ऐसी बीमारियों से करते हैं। उन्होंने इसे विश्व के लिए ख़तरा बताया।
उदयनिधि स्टालिन के बयान पर संबित पात्रा ने कहा कि, अगर किसी अन्य धर्म के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता तो वे संयुक्त राष्ट्र में शिकायत लेकर पहुंच गए होते कि भारत असहिष्णु है...यह गलती से नहीं है , यह एक अच्छी तरह से डिजाइन किया गया बयान है।
पात्रा ने कहा कि, यह एक ऐसा डिजाइन है जिसके तहत कई साल पहले उन्होंने कहा था कि भगवान राम काल्पनिक और अस्तित्वहीन हैं... जब राहुल गांधी ने कहा था कि हमें सिमी से नहीं बल्कि हिंदुओं से खतरा है। ये सोचा समझा हुआ बयान है...26 पार्टियां एक हैं।
उन्होंने कहा कि, उद्धव ठाकरे के बयान से साफ है कि एक और गोधरा कांड हो सकता है...आम आदमी पार्टी इसका समर्थन करते हुए कह रही है कि उद्धव ठाकरे वरिष्ठ नेता हैं, शायद उनकी बात सही हो। समाजवादी पार्टी का कहना है कि श्रीरामचरितमानस नहीं पढ़ना चाहिए... आज सुबह सपा ने कहा कि राम मंदिर नहीं बनना चाहिए। राजद नेता का कहना है कि जो लोग तिलक लगा रहे हैं देश के लिए खतरनाक हैं।
भाजपा द्वारा कॉर्डिनेशन कमिटी की बैठक को एंटी हिंदू बताने वाले बयान पर UBT नेता और सांसद संजय राउत ने कहा कि, इस देश में कोई एंटी हिंदू नहीं है। जो अपने आप को अभी राजनीति में हिंदुत्ववादी मानते है वे हिंदुत्ववादी नहीं है। इस देश में सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications