बीजेपी नेता अभिनेत्री नमिता को मीनाक्षी मंदिर जाने से क्यों रोका? माथे पर कुमकुम लगाने पर मिली एंट्री
अभिनेत्री नमिता का दावा है कि तमिलनाडु के मदुरै स्थित प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर में उन्हें अपनी हिंदू पहचान साबित करनी पड़ी तब जाकर एंट्री मिल सकी। उन्होंने श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर के अधिकारियों के कथित अशिष्ट बर्ताव पर गहरी निराशा जाहिर की है।
नमिता ने दावा किया है कि उन्हें मंदिर में दर्शन करने से रोक दिया गया और उनसे हिंदू होने और उनकी जाति से संबंधित सबूत मांगे गए।

मुझसे मेरे हिंदू होने का सर्टिफिकेट मांगा- बीजेपी नेता
तमिलनाडु बीजेपी की नेता नमिता ने आरोप लगाया है कि 'उन्होंने मुझसे मेरे हिंदू होने का सर्टिफिकेट मांगा और मुझसे मेरा जाति प्रमाण पत्र भी मांग लिया। मैं देश के जिस भी मंदिर में गई हूं, मुझे इस तरह की कठिन परीक्षा से नहीं गुजरना पड़ा है।'
मेरी जाति और मेरे धर्म के प्रमाण मांगे- अभिनेत्री नमिता
उन्होंने कहा है कि वह हिंदू हैं, यह बात किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी शादी तिरुपति में हुई है और उन्होंने अपने बेटे का नाम भगवान कृष्ण के नाम पर रखा है। नमिता ने कहा, 'उन्होंने अशिष्टता और अहंकार से बात की और मेरी जाति और मेरे धर्म को साबित करने के लिए प्रमाण पत्र की मांग की।'
हिंदू होने की पुष्टि करने और मंदिर परंपरा की जानकारी देने के लिए ऐसा किया-मंदिर प्रशासन
हालांकि, मंदिर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोपों से इनकार किया है। उनका दावा है कि उन्होंने नमिता और उनके पति को रोका था, जिन्होंने मास्क पहन रखे थे। उनसे उनके हिंदू होने की पुष्टि करने और मंदिर परंपराओं के बारे में बताने के लिए ऐसा किया गया।
माथे पर कुमकुम लगाने के बाद मिली देवी मीनाक्षी के दर्शन की अनुमति
उनके मुताबिक, 'उनका स्पष्टीकरण मिलने के बाद, उनके माथे पर कुमकुम लगाया गया और उन्हें देवी मीनाक्षी के दर्शन के लिए मंदिर के लिए भीतर ले जाया गया।' नमिता ने भी कहा कि उन्हें माथे पर कुमकुम लगाने और धर्म के बारे में स्पष्ट करने के बाद ही दर्शन की अनुमति दी गई।
पुलिस को एक दिन पहले ही दे दी थी सूचना- नमिता
उन्होंने बताया कि वह आध्यात्मिक यात्रा पर मदुरै पहुंचीं थीं और यहां इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए आई हैं। उन्होंने कहा, 'पूछने का एक तरीका होता है। मुझे कोने में 20 मिनट तक इंतजार कराया गया। हमने रविवार को ही पुलिस को अपनी यात्रा के बारे में सूचना दे दी थी।'
तमिलनाडु सरकार से 'अशिष्ट' मंदिर अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की
उनका कहना है कि उन्होंने इसलिए मास्क पहन रखा था ताकि दूसरे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ निधि मंत्री पी के शेखर बाबू लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने 'अशिष्ट' मंदिर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नमिता ने नवंबर 2019 में जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा ज्वाइन की थी। बाद में उन्हें प्रदेश का कार्यकारी सदस्य नियुक्त किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications