हरियाणा में सीएम के लिए बीजेपी की 'फोन ए फ्रेंड हेल्पलाइन'
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला)हरियाणा में भाजपा जनता से जानना चाह रही है कि वे किसे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। शायद इस तरह से पहली बार हो रहा है कि हरियाणा में सीएम पद के लिए कौन सा नेता सही रहेगा, इसके लिए लोगों की पसंद पूछी जा रही है।

चुनावों की घोषणा कभी भी
महत्वपूर्ण है कि प्रदेश में विधान सभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। जानकारों ने बताया कि ऑटो डायल सिस्टम के माध्यम से लोगों को आ रही टेलीफोन कॉल में चार नेताओं के नाम बताकर अपनी पंसद के नेता के नाम का चयन करने के लिए कहा जा रहा है।
मालूम चला है कि कॉल उत्तर प्रदेश के एक नंबर से की जा रही है। फोन करके सीएम पद के लिए नेता की पसंद का मामला सामने आने के बाद पार्टी के नेताओं ने इससे संबंधित सवालों से बचना शुरू कर दिया है।
फरीदाबाद सेक्टर 14 निवासी राकेश शर्मा और बडखल निवासी राजेन्द्र कुमार के के पास इस तरह के फोन आ चुके हैं। राकेश शर्मा ने बताया कि उनके पास उत्तर प्रदेश नंबर (0120-38182100) नंबर से कॉल आई। यह कॉल कंप्यूटर जनरेटिड थी, जिसे सिर्फ सुना जा सकता था। फोन उठाते ही बताया गया कि ‘यह कॉल भाजपा की ओर से है।
आप हरियाणा में मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना पसंद करेंगे।' इसमें पहले विकल्प के तौर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, दूसरे के रूप में कैप्टन अभिमन्यु, तीसरे के रूप में सुषमा स्वराज और चौथे क्रम पर केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह को रखा गया है। इसके साथ ही कॉल अटेंड करने वालों से अपनी पसंद के नेता का ऑप्शन नंबर डायल करने के लिए कहा जा रहा है।
हालांकि हरियाणा भाजपा के नेता कृष्णपाल गुर्जर ने यह मानने से इनकार कर दिया कि पार्टी की ओर से ऐसा कोई सर्वे करवाया जा रहा है। हालांकि कहने वाले यह भी कह रहे हैं कि हो सकता है भाजपा का केन्द्रीय नेतृत्व इस तरह की कोई पहल कर रहा हो।












Click it and Unblock the Notifications