आम आदमी पार्टी के चुनावी मुद्दों को ले उड़ी भाजपा
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव किरण बेदी के मैदान में आने से बेहद दिलचस्प हो गया है। वहीं सोमवार देर रात किरण बेदी को भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करते ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के उन मुख्य मुद्दों को उनसे छीन लिया जिनके आधार पर आम आदमी पार्टी का लगभग पूरा चुनाव अभियान आधारित था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार में आम आदमी पार्टी ने मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी को अपना निशाना बनाया साथ ही हर उस मुद्दे को जनता के बीच भुनाने की कोशिश की जिससे पार्टी को जनता का समर्थन मिले। लेकिन देर रात अमित शाह की प्रेस कांफ्रेंस ने आप के एक साथ कई मुद्दों को ध्वस्त कर दिया
सतीश उपाध्याय दिल्ली विधानसभा चुनाव से आउट
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को दिल्ली चुनावों से आउट करके आम आदमी के सबसे बड़े दांव को उल्टा साबित कर दिया। केजरीवाल ने सतीश उपाध्याय के उपर बिजली कंपनियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगया था। केजरीवाल का यह भी आरोप था कि अगर सतीश उपाध्याय विपक्ष के नेता बने तो वो विधानसभा में बिजली कंपनियों की वकालत करेंगे।
साथ ही वह वह सरकार के बिजली कंपनियों के खिलाफ कार्यवाही का विरोध करेंगे। लेकिन सतीश उपाध्याय को दिल्ली चुनावों से आउट करके भाजपा ने पार्टी पर लग रहे आरोपों को एक झटके में खत्म कर दिया।
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा
आम आदमी पार्टी शुरु से ही दिल्ली में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर पार्टी पर तीखा हमला करते रहे थे। यही नहीं पूरी दिल्ली में आप ने पोस्टर के जरिये एक तरफ केजरीवाल का फोटो तो दूसरी तरफ प्रश्न चिन्ह बनाकर भाजपा पर निशाना साधा था। ऑटो से लेकर होर्डिंग्स में हर जगह आप ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का सवाल उठाया था।
आम आदमी पार्टी ने जगदीश मुखी को भाजपा का अपरोक्ष रुप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार मान लिया था। लेकिन जिस तरह से भाजपा ने किरण बेदी के नाम की घोषणा की उससे पार्टी ने आप के उस सवाल को सिरे से खत्म कर दिया की पार्टी में लीडर का अभाव है। साफ छवि के लिए जानी जाने वाली किरण बेदी आप के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती हैं।
भाजपा के पास नहीं है एजेंडा
आम आदमी पार्टी के नेता और अरविंद केजरीवाल शुरु से ही भाजपा के एजेंडे को लेकर उसपर निशाना साधते रहे हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में शामिल होते ही किरण बेदी ने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपने फुल प्रूफ प्लान के साथ सामने आयी। उन्होंने 6P के जरिए दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा का खाका लोगों के सामने रखा।
बहरहाल देखने वाली बात यह होगी कि भारतीय जनता पार्टी के इस दांव का अाम आदमी पार्टी कैसे सामना करती है। लेकिन एक बात तो साफ है भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जिस तरह से आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान पर हमला बोला है उसने दिल्ली के चुनाव को काफी रोचक बना दिया है।











Click it and Unblock the Notifications