राहुल गांधी की 'शक्ति' वाले बयान को लेकर चुनाव आयोग के पास पहुंची BJP, कहा- फौरन एक्शन लीजिए वर्ना...
भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'शक्ति के खिलाफ लड़ाई' वाली टिप्पणी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर दिए गए बयान को लेकर चुनाव आयोग में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज नई दिल्ली में भारत के चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे और वायनाड सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी की ओर से कई बयान दिए गए हैं। हमने चुनाव आयोग से इस मामले में एक्शन लेने की अपील की है। अगर कांग्रेस इस तरह के झूठ बोलना जारी रखती है और कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह अनियंत्रित हो जाएगा।"
आपको बता दें कि 17 फरवरी को राहुल की न्याय यात्रा का समापन हुआ था। इस मौके पर मुंबई में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, "हिंदू धर्म में शक्ति शब्द होता है। हम शक्ति से लड़ रहे हैं। अब सवाल उठता है कि वो शक्ति क्या है। जैसे किसी ने यहां कहा कि राजा की आत्मा EVM में है।"
राहुल ने आगे कहा कि ये सच है। राजा की आत्मा ईवीएम और देश की हर संस्था, ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग में है। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया है कि पीएम मोदी वोटिंग मशीनों के बिना चुनाव नहीं जीत सकते।
राहुल गांधी के बयान के अगले ही दिन पीएम मोदी ने इसे लपक लिया और कहा कि एक ओर शक्ति के विनाश की बात करने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ शक्ति की पूजा करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि मुकाबला 4 जून को हो जाएगा कि कौन शक्ति का विनाश कर सकता है और कौन शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त कर सकता है।
पीएम मोदी के पलटवार के बाद अब राहुल ने एक बार फिर से इसे लेकर बयान दिया और कहा कि पीएम मोदी उनकी बातों का गलत मतलब निकाल रहे हैं। राहुल ने कहा कि, मोदी जी को मेरी बातें अच्छी नहीं लगतीं, किसी न किसी तरह उन्हें घुमाकर वह उनका अर्थ हमेशा बदलने की कोशिश करते हैं क्योंकि वह जानते हैं कि मैंने एक गहरी सच्चाई बोली है।
आपको बताते चलें कि इसी महीने 6 मार्च को चुनाव आयोग ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें राहुल गांधी को बयानबाजी करने पर अधिक सावधान और सतर्क रहने की सलाह दी गई थी।
चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री पर की गई बयानबाजी पर दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश और राहुल गांधी के जवाब सहित सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद कांग्रेस नेता को भविष्य में अधिक सावधान और सतर्क रहने की सलाह दी। इससे पहले राहुल ने अपनी रैलियों में पीएम मोदी के लिए 'पनौती' और 'जेबकतरा' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।












Click it and Unblock the Notifications