Odisha में बीजेपी के साथ BJD की नहीं बनी बात, अकेले लड़ेंगे चुनाव
Odisha Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी जुटी हुई है। ऐसे में गुरुवार देर रात आंध्रा की टीडीपी पार्टी के साथ भाजपा की बैठक देर रात चली। इसी बीच खबर है कि ओडिशा में भाजपा के साथ सीएम नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (BJD) चुनाव लड़ सकती हैं, लेकिन अब ओडिशा भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि बीजद के साथ गठबंधन पर केंद्रीय नेताओं से कोई बातचीत नहीं हुई है।
भाजपा के ओडिशा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने शुक्रवार को राज्य में आगामी दोहरे चुनावों के लिए सत्तारूढ़ बीजद के साथ किसी भी गठबंधन से इनकार कर दिया है।

शुक्रवार शाम को नई दिल्ली से आने पर पत्रकारों से बात करते हुए सामल ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ राज्य के नेताओं की बैठक के दौरान बीजद के साथ गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, "हम राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा करने के लिए दिल्ली गए थे। बैठक के दौरान किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन या सीट बंटवारे पर कोई बातचीत नहीं हुई।''
यह कहते हुए कि उन्होंने पहले ही पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया था, सामल ने कहा कि भाजपा ओडिशा में अकेले चुनाव लड़ेगी। सामल ने आगे कहा कि उन्होंने दोनों चुनावों में भाजपा की जीत के लिए योजनाओं और रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ''हमें विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव भी जीतने का भरोसा है। भाजपा राज्य में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।''
इससे पहले दिन में बीजद नेता वीके पांडियन और प्रणब प्रकाश दास, जो गुरुवार शाम को एक चार्टर्ड उड़ान से दिल्ली पहुंचे थे, भुवनेश्वर लौट आए, लेकिन घटनाक्रम पर चुप्पी साधे रहे।
दूसरी ओर, बीजेपी के पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन पर कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, "इस पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। हमें उम्मीद है कि केंद्रीय नेतृत्व आगामी चुनाव अकेले लड़ने के राज्य नेताओं के तर्क को स्वीकार करेगा।"
गौरतलब है कि प्रदेश बीजेपी की एक कोर टीम पिछले 2-3 दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए थी। उन्होंने ओडिशा चुनाव प्रभारी और राज्यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर के साउथ एवेन्यू आवास पर पार्टी के कुछ केंद्रीय नेताओं के साथ मैराथन बैठकें भी कीं।












Click it and Unblock the Notifications