भ्रष्टाचार में घिरे सीएम वीरभद्र पर बीजेपी ने लगाए रिश्वरखोरी के आरोप

वीरभद्र पर आरोप लगाते हुए अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस से उनके खिलाफ जांच चलाने और कार्रवाई करने की मांग की। जेटली ने आरोप लगाते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ने वेंचर एनर्जी एंड टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से अपने और अपनी सांसद पत्नी प्रतिभा सिंह के नाम 1.5 करोड़ रुपये और 2.4 करोड़ रुपये का चेक स्वीकार किया है।
उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने में असफल रहने के बाद भी कंपनी को पनबिजली परियोजना में दो विस्तार दिया गया। जेटली ने कहा कि पिछले कुछ दशक में भ्रष्टाचार का कोई और मामला इतना स्पष्ट नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई से जांच कराए जाने की मांग की है। उन्होंने साथ ही कहा कि यह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की एक परीक्षा है कि वे भ्रष्टाचार पर जो बोलते हैं, वह करके दिखा सकते हैं या नहीं। राज्यसभा में नेता विपक्ष जेटली ने कहा कि पैसे को कर्ज बताकर लिया गया और वीरभद्र और उनके परिवार को बिजली कंपनी के प्रमोटर की एक अन्य कंपनी में हिस्सेदार बनाया गया।












Click it and Unblock the Notifications