बिहार: बाढ़ से चढ़ी नदी में टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए कूदा, डूबकर मौत
नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा में एक युवक की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। बाढ़ से चढ़ी नदीं मे छलांग लगाकर ये युवक टिक टॉक वीडियो बना रहा था। इस दौरान खतरनाक स्टंट करते हुए युवक पानी में डूब गया। तीन दिन बाद शुक्रवार को गोताखोरों ने युवक की लाश बरामद की है।

बाढ़ के पानी को देखने पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, अदलपुर गांव के रहने वाले तीन दोस्त कासिम, अफजल और सितारे लाला चौर पर पहुंचे थे। यहां बाढ़ के पानी की तेज धार में छलांग लगाते हुए फोटो खींचने लगे। तभी अफजल ने टिक-टॉक के लिए खतरनाक स्टंट करने लगा। इसी दौरान स्टंट करने में अफजल की बाढ़ के पानी में डूब कर मौत हो गई। तीन दिन के बाद उसकी लाश गोताखोरों की टीम ने बरामद किया है।

अफजल और कासिम का वीडियो बना रहा था सितारे
अफजल और कासिम पानी में छलांग लगा रहे थे। सितारे नाम का लड़का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पानी के तेज बहाव में दोनों संभल नहीं सके। पानी के तेज बहाव में कासिम तो किसी तरह किनारे आ गया लेकिन अफजल डूब गया।

बिहार में बाढ़ से 123 मौतें, 81 लाख लोग प्रभावित
बिहार के 12 जिलों में बाढ़ से अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं सूबे के 81 लाख से ज्यादा लोग इससे सीधे प्रभावित हैं। आपदा प्रबंधन की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, बिहार के 12 जिलों शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं कटिहार में बाढ़ से अब तक 123 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ से सीतामढ़ी के 37, मधुबनी के 30, अररिया के 12, शिवहर, दरभंगा में 10-10, पूर्णिया के 9, किशनगंज के 5, मुजफ्फरपुर के 4, सुपौल के 3, पूर्वी चंपारण के 2 और सहरसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications