काम पर था पति, पत्नी रंगे हाथ प्रेमी के साथ पकड़ी गई, गुस्सा करने के बजाए शख्स ने उठाया ये कदम
आपको सलमान खान, ऐश्वर्या राय और अजय देवगन की 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' तो याद होगी। इस फिल्म की तरह ही कहानी बिहार के नवादा जिले में देखी गई है।
बिहार के नवादा जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ फिर से मिलाने में मदद की और उससे उसकी शादी कराई है।

सोशल मीडिया पर बिहार के नवादा जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक कपल को पति की मौजूदगी में शिव मंदिर में शादी के बंधन में बंधते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक शख्स (प्रेमी) को महिला की मांग में सिंदूर भरते हुए देखा गया है।
हालांकि वीडियो में महिला को रोते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य महिला ने उसको पकड़ कर रखा है। प्रेमी के शरीर पर चोट के निशान भी हैं। आस-पास खड़े लोग अपने मोबाइल फोन पर इस पूरे घटना को रिकॉर्ड कर रहे हैं और तमाशा देख रहे हैं।
आखिर क्या है पूरा मामला...?
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला देर रात अपने प्रेमी से मिलने उसके घर गई थी। उस वक्त महिला का पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। उसी दौरान महिला को उनके परिवार के सदस्यों ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद गांव वालों ने उस व्यक्ति की पिटाई की और दोनों को बंधक बना लिया। गांव वालों ने दोनों को गांव छोड़ने के लिए भी कहा।
हालांकि, जब महिला का पति वापस आया और उसे घटना के बारे में पता चला, तो वह अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को शिव मंदिर ले गया। जिसके बाद पूरे गांव वालों के सामने महिला की उसकी प्रेमी से शादी करा दी। महिला का प्रेमी भी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।
इस पूरे मामले पर पुलिस ने कहा है कि उन्होंने घटना का संज्ञान लिया है, लेकिन अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications