बिहार सरकार ने राबड़ी देवी की सुरक्षा में तैनात 32 जवान हटाए, नाराज तेजस्वी ने लौटाई सुरक्षा
Recommended Video

पटना। बिहार सरकार ने राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर तैनात 32 बिहार सैन्य पुलिस के जवानों को वापस बुला लिया है। यह कदम राबड़ी देवी के आवास पर सीबीआई की छापेमारी के बाद उठाया गया। मंगलवार को सीबीआई की सात सदस्यीय टीम करीब दोपहर दो बजे अचानक राबड़ी देवी के आवास पहुंची थी। इसके बाद सीबीआई ने राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव से लगभग 4 घंटे तक पूछताछ की। कथित रेलवे टेंडर घोटाले में आरोपी बनाए जाने के बाद सीबीआई ने राबड़ी देवी से पहली बार पूछताछ की।

तेजस्वी यादव ने अपनी सुरक्षा में लगे जवानों को वापस भेजा
राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती के बाद बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है, साथ ही अपनी सुरक्षा में लगे जवानों को वापस भेज दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, 'विगत 10 महीने से सुरक्षा की श्रेणी निर्धारित करने और बढ़ाने के लिए अनेकों बार नीतीश कुमार के अधीन गृह विभाग को लिखा लेकिन ईर्ष्यावश बहाने दर बहाने नीतीश कुमार सुरक्षा बढ़ाने की बजाय इसमें कटौती कर रहे है। आज CBI पूछताछ के बाद नीतीश कुमार ने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को हटाने का आदेश दिया है।

तेजस्वी बोले, 'नीतीश जी, और निम्नस्तर पर उतरिए'
तेजस्वी यादव ने एक बाद एक कई ट्वीट किए। तेजस्वी ने लिखा कि, 'मेरी माता राबड़ी देवी जी ने पूर्व CM की हैसियत से प्राप्त सुरक्षा, मेरे भाई को विधायक के नाते और मुझे नेता प्रतिपक्ष के नाते प्राप्त सुरक्षा को हम बिहार के सीएम नीतीश कुमार को वापस सौंप रहे है ताकि वह तुच्छ ईर्ष्यालु कार्य छोड़ सकारात्मक कार्यों पर ध्यान केन्द्रित कर सकें।' उन्होंने कहा, 'आज दिन में नीतीश कुमार ने असंवैधानिक तरीक़े से मुझे नेता प्रतिपक्ष के नाते कैबिनेट मंत्री के समान प्राप्त अधिकारों को दरकिनार करते हुए सरकारी आवास ख़ाली करने का नोटिस निर्गत करवाया है। शाम को परिवार की सुरक्षा कटौती के लिए दूत भेज दिए। नीतीश जी, और निम्नस्तर पर उतरिए।'

'हम नीतीश कुमार की तरह डरपोक और बुज़दिल नहीं'
आरजेडी नेता ने लिखा, 'हम नीतीश कुमार की तरह डरपोक और बुज़दिल नहीं जो अपनी सुरक्षा के लिए 800 जवान तैनात रखेंगे। हमारे द्वारा लौटाए हुए सुरक्षाकर्मियों को नीतीश कुमार अपनी सुरक्षा में लगाकर संख्या बल बढ़ा संतुष्टि प्राप्त कर सकते हैं। हम ग़रीब जनता के बीच रहते हैं और जनता ही हमारी असल प्रहरी है।'












Click it and Unblock the Notifications