बिहार के जिला अस्पतालों में जुलाई में 5,651 सर्जरी, रेफरल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत के तहत जिला अस्पताल रेफरल, 24x7 आपातकालीन सेवाओं, आईसीयू की तैयारी और सर्जिकल क्षमता की समीक्षा की और उन्हें मजबूत किया, जिसका उद्देश्य मरीजों को स्थानांतरित करने की संख्या को कम करना और उच्च गुणवत्ता वाली देखभाल तक स्थानीय पहुंच में सुधार करना है।

बिहार के जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रेफरल व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता, सर्जिकल सेवाओं और आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिलों के सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक और विभागीय पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सदर अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था मजबूत करने, मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

bihar-district-hospital

स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को रेफर करने से पहले उसका रेफरल ऑनलाइन भव्या पोर्टल (Bhavya Portal) पर दर्ज किया जाए और मरीज की आवश्यक बुनियादी जांच भी की जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से मरीजों को सीधे बड़े अस्पतालों में भेजने की व्यवस्था को न्यूनतम करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे जिले को एक इकाई के रूप में देखते हुए PHC, CHC, अनुमंडलीय अस्पताल (SDH) और जिला अस्पताल (DH) को एक चेन की तरह काम करना होगा। इसका उद्देश्य मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल जाने से बचाना है।

जिला अस्पतालों में 24x7 इमरजेंसी और ट्राइएज सिस्टम

सभी जिला अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने और ट्राइएज प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की गंभीरता के आधार पर प्राथमिकता तय कर उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा जिला अस्पतालों में वेंटिलेटर युक्त ICU को तत्काल क्रियाशील करने पर भी जोर दिया गया। अस्पतालों को 70 प्रकार की सर्जरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए स्त्री रोग, सामान्य सर्जरी और हड्डी रोग के लिए अलग और कार्यशील ऑपरेशन थिएटर विकसित करने को कहा गया है। जगह की कमी वाले अस्पतालों में प्री-फैब संरचनाओं के उपयोग का सुझाव दिया गया है।

आयुष्मान भारत के दावों से होगा अस्पतालों के प्रदर्शन का आकलन

बैठक में अस्पतालों के प्रदर्शन का आकलन आयुष्मान भारत योजना के तहत किए गए दावों के आधार पर करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि पात्र मरीजों को सरकारी अस्पतालों में ही आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार उपलब्ध कराया जाए और अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर न किया जाए।

उन्होंने सदर अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी के अलावा ऑर्थोपेडिक, हर्निया, अपेंडिक्स, फिशर, फिस्टुला और मोतियाबिंद जैसी सर्जरी को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए। पात्र मरीजों के उपचार से संबंधित क्लेम समय पर दर्ज करने को भी कहा गया।

जुलाई में जिला अस्पतालों में हुईं 5,651 सर्जरी

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में बिहार के जिला अस्पतालों में कुल 5,651 सर्जरी की गईं। इनमें अररिया में 423 सर्जरी के साथ सबसे अधिक सर्जिकल प्रक्रियाएं दर्ज की गईं।

इसके अलावा नालंदा में 327, भोजपुर में 301, वैशाली में 292 और मधुबनी में 287 सर्जरी हुईं। इन अस्पतालों में एलएससीएस, बीटीएल, एमटीपी, मोतियाबिंद, हर्निया रिपेयर, हाइड्रोसील, अपेंडिक्स, ऑर्थोपेडिक समेत अन्य आवश्यक सर्जरी की गईं।

विभाग के अनुसार, जिला अस्पतालों में बढ़ती सर्जिकल गतिविधियां सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में सुधार और मरीजों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्वक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती हैं।

सासाराम और मुंगेर में भी तेजी से हो रही सर्जरी

सदर अस्पताल सासाराम में 11 अगस्त को 24 घंटे के भीतर कुल 20 सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। वहीं, सदर अस्पताल मुंगेर में 10 घंटे की अवधि में 12 सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। दोनों अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही हैं।

ड्यूटी रोस्टर का सख्ती से पालन

स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों की ड्यूटी और रोस्टर को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। प्रत्येक अस्पताल में निर्धारित ड्यूटी के अनुसार चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान यदि कोई चिकित्सक बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है या सरकारी अस्पताल की ड्यूटी के दौरान निजी क्लिनिक में कार्य करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग तकनीकी समस्याओं के समाधान में करेगा सहयोग

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अस्पतालों के संचालन, ऑनलाइन सिस्टम, उपकरणों या अन्य तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरा सहयोग करेगा। सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षक अपनी समस्याओं से विभाग को अवगत कराएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके। बैठक में अधिकारियों और चिकित्सकों से टीम भावना के साथ काम करने और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की गई। विभाग का लक्ष्य है कि रेफरल व्यवस्था में सुधार, चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता और आयुष्मान भारत के तहत उपचार का दायरा बढ़ाकर लोगों को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+