Bihar News: प्रधानमंत्री के बोधगया में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास, गृह प्रवेश एवं फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन पहलों का उद्देश्य राज्य भर में बुनियादी ढांचे और सेवाओं में सुधार करना है, जो केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गयाजी जिला के बोधगया के मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास, जलापूर्ति, ग्रामीण एवं शहरी संरचना, कैंसर केयर, एकीकृत नदी संरक्षण सहित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए।

Modi Launches Major Development Projects in Bihar

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के द्वारा बिहार में किए गए विकास कार्यों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए आज कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के साथ कंघा से कंधा मिलाकर काम कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आप सबका अभिनंदन करता हूं, स्वागत करता हूं। यह बहुत खुशी की बात है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आज बोधगया पधारे हैं। इस पावन धरती पर मैं उनका स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आपके सामने पधारे हैं, आप सब हाथ जोड़कर उनका स्वागत और अभिनंदन करें। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा आज यहां से राज्यभर की बिजली, सड़क एवं नगर विकास से संबंधित 14 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जा रहा है, यह बहुत बड़ी बात है। साथ ही दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री जी का स्वागत है, अभिनंदन है। इनसब की लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इन सभी योजनाओं से बिहार को काफी फायदा होनेवाला है। इसके लिए मैं हृदय से आदरणीय प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं एवं धन्यवाद देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा बेगूसराय के सिमरिया में नवनिर्मित गंगा पुल का उद्घाटन किया गया। इसके लिये मैं उनका अभिनंदन करता हूं। गयाजी एवं बोधगया में हर साल लाखों लोग आते हैं। पहले यहां बहुत बुरा हाल था। पहले की सरकार कोई काम ठीक से नहीं करती थी। हमलोगों की सरकार ने काम करना शुरू किया। यहां सभी इंतजाम करा दिए गए हैं। गयाजी में फल्गू नदी में रबर डैम और सीता सेतु का निर्माण कराया गया है और बोधगया में महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र एवं विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण कराया गया है। पहले गया नाम था लेकिन हमलोगों ने इस शहर को गयाजी नाम दिया। केंद्र की भी इच्छा थी इसलिए हमलोगों ने तत्काल गया को गयाजी कर दिया। एक तरफ बोधगया और एक तरफ गयाजी है।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकार ने बिहार में कोई काम नहीं किया था। 24 नवंबर, 2005 को एन०डी०ए० की सरकार आई तो विकास का काम शुरू हुआ। हमलोग लगातार बिहार के विकास में लगे हुए हैं। अब यहां कानून का राज है। यहां तेजी से विकास हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। हाल ही में कुछ और भी काम करवाए गए हैं, नये निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को पहले मिलनेवाली पेंशन की राशि 400 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। इससे एक करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गई जिसे काफी कम पैसे में लोगों को दिया जा रहा था लेकिन अब हमलोगों ने इस साल तय कर दिया कि अब सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त में दी जाएगी, जिसे जुलाई माह से प्रारंभ कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में हमलोगों ने तय किया था कि 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देंगे। 10 लाख सरकारी नौकरी दे दी गई है और 10 लाख रोजगार बढ़ते-बढ़ते अब 39 लाख रोजगार हो गया है। इसको भी बढ़ाकर अब 50 लाख से भी ज्यादा करना है। अब हमलोगों ने तय कर दिया है कि आगामी 5 वर्षों में सरकारी नौकरी और रोजगार मिलाकर 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए विशेष सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि बिहार के विकास में केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के बजट में केंद्र सरकार ने बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की। इसके बाद 2025 के केन्द्रीय बजट में बिहार के लिए मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि देने की घोषणा की गई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन का जिम्मा पहले 6 राज्यों को मिल चुका था लेकिन इस बार केंद्र सरकार ने बिहार को यह जिम्मा दिया, जो गौरव की बात है। इनसब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हैं। पहले बिहार में महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया था। हमलोगों ने महिलाओं और मुस्लिम समाज के लिए बहुत काम किया है। आपलोग इनसब चीजों को याद रखिएगा। यहां पर पधारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मैं पुनः अभिनंदन करता हूं और धन्यवाद देता हूं। आप सबलोगों को भी मैं धन्यवाद देता हूं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री जीतनराम मांझी, केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सतीशचंद्र दुबे, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री राजभूषण चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे。

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+