फेमस एक्टर राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े ने काटा, अस्पताल में हालत गंभीर! खतरे से बाहर नहीं अभिनेता
Rajesh Sharma Hospitalized: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक परेशना करने वाली खबर सामने आ रही है। दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर राजेश शर्मा फिल्म की शूटिंग के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार हो गए हैं। खबर है कि साउथ के सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग कर रहे एक्टर राजेश शर्मा को सेट पर किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया है, जिसके बाद धीरे-धीरे उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। फिलहाल उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
परिवार की ओर से सामने आया हेल्थ अपडेट
राजेश शर्मा की सेहत को लेकर एक्ट्रेस सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान शेयर किया है। उन्होंने परिवार की ओर से जानकारी देते हुए बताया है कि घटना हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में हुई है, जहां प्रभास की फिल्म की शूटिंग चल रही थी।

राजेश शर्मा को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है
बयान में बताया गया है कि शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश शर्मा सेट के पास झाड़ियों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली घटना समझा और काम जारी रखा लेकिन इसके करीब 6 घंटे बाद से उनकी हालात खराब होने लगी थी।
घटना के 6 घंटे बाद अचानक बिगड़ने लगी तबीयत
-परिवार की ओर से जारी बयान के मुताबिक घटना के करीब 6 घंटे बाद राजेश शर्मा के दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ। धीरे-धीरे दर्द बढ़ता गया और उनकी तबीयत भी खराब होने लगी। इसके बावजूद उन्होंने हैदराबाद से कोलकाता लौटने का फैसला किया और फ्लाइट से रवाना हो गए।
-हवाई यात्रा के दौरान राजेश शर्मा की हालत और बिगड़ती चली गई। उन्हें फ्लाइट में ही तेज बुखार आने लगा और बेचैनी बढ़ती चली गई। ऐसे में उन्हें कोलकाता पहुंचते ही ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है।
पैर से घुटने तक फैला इंफेक्शन, कराए गए कई मेडिकल टेस्ट
डॉक्टरों के अनुसार राजेश शर्मा के शरीर में इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है। बताया गया है कि इन्फेक्शन फिलहाल पैर की उंगलियों से लेकर घुटने तक पहुंच गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले भी बन गए हैं। अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है क्योंकि इंफेक्शन की वजह से ब्लड क्लॉट बनने का खतरा भी बना हुआ है। यदि ऐसा खून का थक्का फेफड़ों तक पहुंच जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
जांच रिपोर्ट के बाद मिलेगी स्पष्ट जानकारी
फिलहाल अस्पताल की टीम जरूरी मेडिकल जांच और ट्रीटमेंट में जुटी हुई है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद उनकी स्थिति को लेकर ज्यादा स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। परिवार ने इस कठिन समय में एक्टर को सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, दोस्तों, शुभचिंतकों और विशेष रूप से एक्टर प्रसेनजीत चटर्जी का धन्यवाद किया, जिन्होंने लगातार परिवार का साथ दिया।
प्रभास की इन फिल्मों में चल रहा है काम
जानकारी के अनुसार प्रभास इन दिनों निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म 'फौजी' और संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पिरिट' की शूटिंग में बिजी चल रहे हैं। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि ये हादसा इन दोनों में से किस फिल्म के सेट पर हुआ है। वहीं राजेश शर्मा को आखिरी बार अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'भूत बंगला' में देखा गया था। वह 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं।
फैंस कर रहे जल्द स्वस्थ होने की दुआ
राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हर कोई उम्मीद कर रहा है कि अभिनेता जल्द पूरी तरह ठीक होकर एक बार फिर कैमरे के सामने लौटेंगे।













Click it and Unblock the Notifications