IND vs ENG 4th T20I: ब्रिस्टल में साख बचाने उतरेगी टीम इंडिया, गेंदबाजों की शामत या बल्लेबाजों की होगी मौज?
IND vs ENG 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार (9 जुलाई) को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेला जाएगा। नॉटिंघम में मिली 125 रनों की करारी शिकस्त के बाद टीम इंडिया पर यह सीरीज गंवाने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की अपनी सबसे बड़ी हार झेलने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच गौतम गंभीर के सामने टीम को मानसिक रूप से एकजुट करने की गंभीर चुनौती है।
रणनीति में बदलाव की जरूरत (IND vs ENG 4th T20)
नॉटिंघम की हार ने भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी कमजोरी को उजागर किया है। परिस्थितियों को समझे बिना लगातार शॉट खेलने की 'प्री-डिटरमाइंड' (पहले से तय) रणनीति के कारण पूरी टीम महज 76 रनों पर सिमट गई थी। मैच के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी स्वीकार किया था कि टीम यूके (UK) के हालातों के अनुरूप खुद को ढालने में नाकाम रही है। ब्रिस्टल में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की शॉर्ट-ऑफ-लेंथ गेंदों का सामना करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों को संयम और बेहतर फुटवर्क दिखाना होगा।

शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मिलेगी मदद
ब्रिस्टल की पिच रिपोर्ट के मुताबिक मुकाबले के शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को पिच से अच्छी गति और अतिरिक्त उछाल मिलने की उम्मीद है। शुरुआती स्विंग और मूवमेंट का सामना करने के बाद यहां बल्लेबाजी आसान हो जाएगी और मध्य ओवरों में बड़े शॉट खेले जा सकेंगे। मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, पिच के धीमे होने की संभावना है, जिससे दूसरी पारी में स्पिनर्स की भूमिका अहम हो सकती है। टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।
बारिश का कोई खतरा नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को ब्रिस्टल में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। मैच के दौरान बारिश की कोई आशंका नहीं है, जो खेल प्रेमियों के लिए राहत की खबर है। मैच की शुरुआत के समय तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो शाम ढलने के साथ घटकर 24 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
हेड-टू-हेड आंकड़े: भारत का पलड़ा अब भी भारी
दोनों देशों के बीच अब तक कुल 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। ऐतिहासिक आंकड़ों में भारतीय टीम अब भी आगे है। दोनों देशों के बीच कुल 33 मुकाबले खेले गए हैं जिसमें 18 मैचों में भारत ने जीत हासिल की। जबकि 14 मुकाबले इंग्लैंड के नाम रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, आदिल राशिद।















Click it and Unblock the Notifications