बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता ने पद से दिया इस्तीफा, बोले- एयर स्ट्राइक पर सबूत मांगने से पाकिस्तानी एजेंट समझने लगे हैं लोग
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस के कई नेताओं से मोदी सरकार से सबूत मांगे हैं। इसके बाद भाजपा कांग्रेस पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगा रही है। प्रधानमंत्री मोदी से लेकर अमित शाह कई रैलियों में कांग्रेस समते विपक्ष पर इस मामले में हमला बोल चुके हैं। वहीं बिहार कांग्रेसे के प्रवक्ता विनोद शर्मा ने शनिवार को इस मुद्दे पर अपनी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनका कहना है एयर स्ट्राइक के मुद्दे पर पार्टी के रूख की वजह से लोग उन्हें पाकिस्तानी एजेंट समझने लगे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले ये कांग्रेस के लिए झटका है।

राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिया इस्तीफा
बिनोद शर्मा ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा दिया है। उन्होंने पत्र में राहुल गांधी पर अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए लिखा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा एयर स्ट्राइक और उसमें मारे गए आतंकियों की लिस्ट मांगना बचकाना हरकत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के राजनीति से प्रेरित बयानों की वजह से सेना का मनोबल टूट रहा है और वहीं दूसरी तरफ ये बयान पाकिस्तान और आतंकियों का मनोबल बढ़ाने वाला है। उन्होंने आगे लिखा कि आज कांग्रेस पार्टी को जनता पाकिस्तानी एजेंट के तौर पर देखने लगी है। उन्होंने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा कि उन्हें अब खुद को कांग्रेसी कहने में शर्म आती है। उनके लिए पार्टी से ऊपर राष्ट्र है। इसलिए वो राष्ट्रहित में पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं।

विनोद शर्मा 30 सालों से कांग्रेस में थे
गौरतलब है कि विनोद शर्मा पिछले तीस वर्षों से कांग्रेस से जुड़े थे। पार्टी में महासचिव के तौर पर भी उन्होंने काम किया और लगातार प्रवक्ता के पद पर भी रहे। उन्हें हाल में ही कांग्रेस की जम्बो कमिटी में प्रवक्ता पद पर फिर से लाया गया था। गौरतलब है कि 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में 40 सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई थी। इसके 13 दिन बाद 26 फरवरी की सुबह भारत की तरफ से पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications