बिहार चुनाव में अगले हफ्ते होगी राहुल गांधी की एंट्री, हिसुआ, कहलगांव में करेंगे रैली
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सहयोगी दलों के प्रचार के लिए राहुल गांधी भी अगले हफ्ते बिहार में होंगे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 23 अक्टूबर से बिहार में रैलियां करेंगे। 23 अक्टूबर को उनकी जनसभाओं के बारे में जानकारी सामने आ गई है। 23 अक्टूबर को राहुल भागलपुर के कहलगांव और नवादा के हिसुआ में महागठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में रैली करेंगे।

23 तारीख के बाद का राहुल गांधी का चुनाव प्रचार का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है लेकिन चर्चा है कि राहुल बिहार में 6 रैलियां कर सकते हैं। वह रोज दो रैलियां करेंगे। इसके अलावा राहुल महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव और गठबंधन के तमाम बड़े नेताओं के साथ भी मंच साझा करेंगे। राहुल गांधी की बहन, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी बिहार विधानसभा चुनाव में तीन रैलियों को संबोधित करेंगी। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला इस समय पटना में ही डेरा जमाए हुए हैं।
बिहार में कांग्रेस राजद और लेफ्ट के दलों के साथ मिलकर लड़ रही है। बिहार की 243 में से कांग्रेस 70 सीटों पर लड़ रही है। 28 अक्टूबर को पहले चरण में 71 सीटों पर मतदान होना है। इसमें से महागठबंधन के तहत 21 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्य़ाशी मैदान में हैं। राजद के 42 और माले के आठ प्रत्याशी पहले चरण में हैं।
बिहार में तीन फेज में विधानसभा के चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को वोटिंग होगी। दूसरे फेज का चुनाव 3 नवंबर को और तीसरे चरण का चुनाव 7 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी। पहले फेज में 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 17 जिले की 94 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। तीसरे चरण में बिहार की बाकी सभी 78 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications