Bihar News: अधिकारियों की फिटनेस से सुदृढ़ होगा प्रशासन, 150 कृषि पदाधिकारियों ने लिया विशेष साहसिक प्रशिक्षण
बिहार ने उत्तराखंड के नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में 150 कृषि अधिकारियों के लिए सात दिवसीय फिटनेस प्रशिक्षण पूरा किया। इस कार्यक्रम में शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक लचीलापन, टीम वर्क और नेतृत्व पर जोर दिया गया ताकि प्रशासनिक प्रदर्शन को बढ़ाया जा सके और कृषि योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
राज्य में प्रशासनिक दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से अधिकारियों के शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में बिहार के 150 कृषि पदाधिकारियों ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में आयोजित सात दिवसीय विशेष साहसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि एक सुदृढ़ प्रशासन के लिए अधिकारियों का मानसिक और शारीरिक रूप से सक्षम होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त आत्मविश्वास और अनुभव का उपयोग अधिकारी किसानों की सेवा और कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में करेंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 अप्रैल से शुरू होकर 14 अप्रैल को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें कृषि विभाग के सहायक निदेशक, उप निदेशक, उप सचिव और जिला कृषि पदाधिकारी स्तर के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और नेतृत्व कौशल का विकास करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने, टीम वर्क और निर्णय क्षमता को मजबूत करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। माना जा रहा है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से अधिकारियों की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा, जिससे वे अधिक ऊर्जा और दक्षता के साथ विभागीय लक्ष्यों को हासिल कर सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications