बिग बॉस के 'जल्लाद' ने सुनाई आपबीती, कहा- 'हर रोज काम की तलाश में निकलता हूं लेकिन....'
रिएलिटी शो बिग बॉस में 'जल्लाद' के तौर पर नजर आए बाबा खान ने अपनी आर्थिक दिक्कतों का खुलासा किया है।
मुंबई, 10 जुलाई: कोरोना वायरस महामारी दुनियाभर में कहर बनकर टूटी है। संक्रमण की वजह से जहां अब तक 40 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जिनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। महामारी के बीच काफी लोगों के काम-धंधे पूरी तरह ठप हो चुके हैं। बॉलीवुड भी कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शूटिंग रुकने से कई सीनियर कलाकारों के पास काम ना होने की वजह से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही एक कलाकार हैं बाबा खान, जो इस समय पाई-पाई को मोहताज हैं।

'हालात पूरी तरह से बदल गए हैं'
रिएलिटी शो बिग बॉस में 'जल्लाद' के तौर पर नजर आए बाबा खान ने न्यूज चैनल 'जी न्यूज' के साथ बातचीत में अपनी आर्थिक दिक्कतों का खुलासा किया है। बाबा खान ने बताया, 'पिछले करीब 15 सालों से मैं फिल्म इंडस्ट्री में हूं और सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अब हालात पूरी तरह से बदल गए हैं। मैंने भाईजान सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम किया, जिनमें वांटेड, बॉडीगार्ड, वीर और जानेमन जैसी फिल्में शामिल हैं। अमिताभ बच्चन के साथ डिपार्टमेंट में काम किया..., आर राजकुमार में काम किया और रवि किशन के साथ भोजपुरी फिल्म 'ज्वाला मंडी' भी की।'

'मैंने नेगेटिव किरदार ही निभाए, इसलिए...'
बाबा खान ने आगे कहा, 'फिल्म इंडस्ट्री में मैंने काफी काम किया, लेकिन जब से कोरोना वायरस महामारी की वजह से लॉकडाउन लगा है, मैं बहुत परेशानी में हूं, क्योंकि मेरे पास कोई काम नहीं है। हर रोज मैं काम की तलाश में जाता हूं, लेकिन मायूस होकर लौटता हूं। मैंने नेगेटिव किरदार ही निभाए, इसलिए कोई मुझे काम नहीं देता, एक तरह से मेरी ये इमेज बन गई है। मैं फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों से अपील करता हूं कि प्लीज मुझे काम दीजिए। मुझे काम के अलावा आपसे कुछ नहीं चाहिए।'

शगुफ्ता की मदद के लिए बढ़े हाथ
आपको बता दें कि हाल ही में बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शगुफ्ता अली की भी ऐसी ही कहानी सामने आई थी। शगुफ्ता अली ने बताया कि उन्हें आर्थिक तौर पर बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और अपने इलाज के लिए उन्हें गहने तक बेचने पड़े। शगुफ्ता अली कैंसर की बीमारी से जूझ रही हैं। हालांकि शगुफ्ता अली की कहानी सुनकर बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी ने उनकी आर्थिक तौर पर मदद की है।

कौन हैं शगुफ्ता अली
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री शगुफ्ता अली दिवंगत अभिनेता शाहिद बिजनौरी की बेटी हैं। शगुफ्ता ने 1989 में आई फिल्म 'कानून अपना अपना' से बॉलीवुड की दुनिया में कदम रखा था, जिसमें उन्होंने दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार, नूतन, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के साथ काम किया। इसके बाद वो फिल्म इंद्रजीत, अजूबा, गर्दिश और इंटरनेशनल खिलाड़ी सहित कई फिल्मों में नजर आईं। पुनर्विवाह, एक वीर की अरदास...वीरा, ससुराल सिमर का और साथ निभाना साथिया जैसे टीवी शो में काम कर चुकीं शगुफ्ता अली के पास पिछले करीब 4 साल से कोई काम नहीं है।
ये भी पढ़ें- क्या इंडियन आइडल से बाहर हो रहीं शनमुखप्रिया? सोशल मीडिया पर अचानक दिखे ऐसे रिएक्शन











Click it and Unblock the Notifications