Bharat Ratna: नरसिम्हा राव को अवार्ड मिलने पर TMC नेता ने कैसे रख दी कांग्रेस की दुखती रग पर हाथ
Bharat Ratna Award list: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता पीवी नरसिम्हा राव को 'भारत रत्न' देने की घोषणा की है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने मोदी सरकार के इस फैसले को कांग्रेस के गांधी परिवार के साथ राजनीति से जोड़ने की कोशिश की है।
टीएमसी नेता ने राव को 'भारत रत्न' दिए जाने की घोषणा को लेकर हैरानी जताते हुए सवाल किया है कि क्या मोदी सरकार के इस फैसले के पीछे किसी तरह की राजनीति छिपी हुई है।

राव समेत तीन शख्सियतों को 'भारत रत्न' देने का एलान
बता दें कि शुक्रवार को मोदी सरकार ने राव समेत पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह और हरित क्रांति के जनक एमएस स्वामीनाथन को भी मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने का एलान किया है।
इस साल अबतक पांच शख्सियतों को 'भारत रत्न' देने की हुई घोषणा
पिछले महीने मोदी सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और कुछ दिन पहले ही पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता एलके आडवाणी को भी 'भारत रत्न' देने की घोषणा की है।
'राव को 'भारत रत्न' देने के पीछे राजनीति की भूमिका हो सकती है'
टीएमसी प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से इन घोषणाओं को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर कहा, 'दोनों (राव और चरण सिंह) प्रधानमंत्री थे और उन्हें भारत रत्न का सम्मान दिया गया है।'
घोष बोले कि उन्हें इसके खिलाफ टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, लेकिन उनके मन में यह ख्याल आया कि राव को 'भारत रत्न' देने के पीछे राजनीति की भूमिका हो सकती है।
क्या मोदीजी ने गांधी परिवार से राव के मतभेद पर किया फोकस- टीएमसी प्रवक्ता
वे बोले, '1991-96 के दौरान जब वे प्रधानमंत्री थे तो राव और गांधी परिवार के बीच मतभेद थे। क्या मोदीजी उस मतभेद पर फोकस करने की कोशिश कर रहे हैं?'
हालांकि, टीएमसी प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह उनकी तात्कालिक प्रतिक्रिया है और बाद में पार्टी इसपर अपना आधिकारिक बयान देगी।
कांग्रेस ने राव को 'भारत रत्न' देने का किया स्वागत
हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीवी नरसिम्हा राव को 'भारत रत्न' देने का स्वागत किया है। उन्होंने एक्स पर लिखे अपने पोस्ट में कहा है, 'पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पीवी नरसिम्हा राव का राष्ट्र निर्माण में जबरदस्त योगदान है।......राष्ट्र की समृद्धि और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सदा याद रखा जाएगा...।'
अपने पोस्ट में खड़गे ने देश में आर्थिक सुधार के लिए उनके योगदान को सराहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के पूर्व नेता के कार्यकाल में भारत के परमाणु कार्यक्रम और विदेश नीति की भी जमकर तारीफ की है।
मैं इसका स्वागत करती हूं- सोनिया
उधर संसद भवन से बाहर निकलती हुईं सोनिया गांधी से मीडिया वालों ने जब सरकार की ओर से पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह को 'भारत रत्न' दिए जाने पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, 'मैं इसका स्वागत करती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications