भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता कृष्ण कुमार पांडे का निधन, पार्टी ने जताया दु:ख
भारत जोड़ो यात्रा के बीच एक दुख भरी खबर आई है। यात्रा के दौरान एक कांग्रेस नेता का मंगलवार को निधन हो गया। मृतक नेता की पहचान सेवा दल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडे के रूप में हुई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पांडे दिग्विजय सिंह के साथ यात्रा में चल रहे थे। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने पार्टी के एक अन्य सहयोगी को राष्ट्रीय ध्वज सौंप दिया और इसके बाद वह गिर गए, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सेवा दल के नेता को कट्टर कांग्रेसी बताया। उन्होंने कहा कि वह नागपुर में हमेशा से आरएसएस के खिलाफ लड़ाई लड़ते थे। उनके निधन से यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को गहरा अघात पहुंचा है। आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त महाराष्ट्र में पहुंच गई है। इससे पहले यात्रा तेलंगाना में थी।
कन्याकुमारी से शुरू हुई है भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत पार्टी को मजबूती देने के लिए शुरू की गई है। यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरेगी जो जम्मू और कश्मीर में समाप्त होगी। इस दौरान लगभग 150 दिनों में 3,500 किमी की दूरी तय की जाएगी। पार्टी का मानना है कि यात्रा से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी पार्टी को इसका फायदा होगा।
यात्रा का है आज 62वां दिन
भारत जोड़ो यात्रा का आज 62वां दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नांदेड़ जिले के एक गुरुद्वारे का दौरा करने के बाद आज सुबह महाराष्ट्र में अपनी भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू की। वहीं, खबरे आ रही हैं कि इस यात्रा में आदित्य ठाकरे भी शामिल हो सकते हैं। इस बात की जानकारी सोमवार को उद्धव ठाकरे धड़े के शिवसेना नेता और प्रवक्ता ने दी थी। प्रवक्ता ने कहा था कि आदित्य ठाकरे में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला उद्धव ठाकरे से बातचीत के बाद लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- भारत का सबसे मजबूत ट्रेड पार्टनर बना रूस, मोदी सरकार की विदेश नीति को डिगा नहीं पाया अमेरिका












Click it and Unblock the Notifications