बिहार SUV हादसा: राहुल का नीतीश पर हमला कहा- आपकी अंतरात्मा की आवाज बिहार में शराब की सच्चाई छिपा रही है
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह बिहार में एक वाहन द्वारा कुचले जाने से नौ मासूम बच्चों की जान गंवाने की घटना के लिए ''नशे में धुत एक भाजपा नेता'' पर आज आरोप लगाया और साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी अभियान की सच्चाई पर सवाल खड़े किये। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''नशामुक्त बिहार' में नशे में धुत एक भाजपा नेता ने 9 मासूम बच्चों को मार दिया।''

राहुल ने नीतीश की राजनीतिक नैतिकता और अंतरात्मा की आवाज पर भी तीखे सवाल दागते हुए घटना के आरोपी भाजपा नेता को बचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने नीतीश से पूछा, 'आपकी अंतरात्मा की आवाज आज किसे बचा रही है, आरोपी भाजपा नेता को या बिहार में शराब की सच्चाई को?''
आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर जिले में गत शनिवार को हुए इस हादसे में नौ बच्चों की वाहन से कुचलने के कारण मौत हो गयी थी, जबकि 20 अन्य घायल हो गये थे। बिहार में वर्ष 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में जदयू-राजद-कांग्रेस के महागठबंधन को भारी सफलता मिली थी। हालांकि, बाद में नीतीश कुमार नीत जदयू ने महागठबंधन से नाता तोड़कर भाजपा के साथ हाथ मिलाकर सरकार बना ली।












Click it and Unblock the Notifications