चीन का दोगलापन: भारत के साथ सैन्य अभ्यास और पाक आर्मी को ट्रेनिंग
नई दिल्ली। रविवार को पुणे में भारत और चीन की सेनाओं के बीच चौथी ज्चाइंट आर्मी एक्सरसाइज शुरू होने वाली है लेकिन उससे पहले बीएसएफ की ऐसी रिपोर्ट आई है जो चीन के दोगलेपन को बताती है। बीएसएफ की इंटेलीजेंस विंग की ओर से एक रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक उसे इस बारे में जानकारी मिली है कि चीन के सैनिक जम्मू कश्मीर में भारत-पाक सीमा के उस पार पाकिस्तानी सैनिकों को ट्रेनिंग दे रहे हैं।

पाक रेंजर्स की पोस्ट की जिम्मेदारी संभाली
बीएसएफ की इंटेलीजेंस विंग की ओर से तैयार इस रिपोर्ट के अनुसार राजौरी सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के उस पार चीनी सैनिक पाक सैनिकों को हथियार से जुड़ी टेक्निकल ट्रेनिंग देते हुए नजर आए हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सैन्य कवायद पाकिस्तान के फॉरवर्ड डिफेंस पोस्ट्स पर हो रही हैं जिनकी जिम्मेदारी वहां पाक रेंजर्स ने संभाली हुई है।
बीएसएफ की ओर से जब इस रिपोर्ट की एनालिसिस की गई तो पता चला कि राजस्थान के श्रीगंगानगर सेक्टर के उस पार कुछ पाक आर्मी यूनिट्स पर पाक रेंजर्स ने मोर्चा संभाल लिया है। बीएसएफ ने यह भी पाया कि पंजाब के अबोहर और गुरूदासपुर सेक्टरों के पास ही पाकिस्तान ने नये पर्यवेक्षण टॉवर भी लगाए हैं।
निशानेबाज तैनात करने की योजना
बीएसएफ की खुफिया शाखा ने रिपोर्ट में यह भी जिक्र है कि बॉर्डर पर बातचीत के रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि पाक आर्मी और रेंजर्स भारतीय सैनिकों और संपत्तियों को निशाना बनाने के लिए रणनीतिक ठिकानों और चौकियों पर अचूक निशानेबाज तैनात करने की योजना बना रहे हैं।
सिर्फ इतना ही नहीं इंटरनेशनल बॉर्डर और नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना के कमांडो के विशेष दस्ते भी तैनात किए गए हैं जो छापा मार सकते हैं और बॉर्डर एक्शन टीम द्वारा भारतीय क्षेत्र में हमला हो सकता है।
सियालकोट में बन रही बड़े हमले की साजिश!
रिपोर्ट में जिस खास बात का जिक्र है वह है पाक के सियालकोट में आतंकवादियों के एक बहुत बड़े समूह का पता चलना। यह समूह जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दौरान घुसपैठ करने की साजिश रच रहा है। इसके साथ ही बीएसएफ को इंटरनेशनल बॉर्डर या एलओसी के पास आतंकवादियों के लिए घुसपैठ के लिए कुछ लॉन्च पैड का पता चला।
रिपोर्ट के अनुसार भारत पाकिस्तानी सीमा पिछले कुछ समय से शांत लेकिन तनावपूर्ण है। पिछले कुछ महीने में वहां ढेरों संघर्षविराम उल्लंघन हो चुके हैं। बीएसएफ के मुताबिक गुजरात के समीप सर क्रीक क्षेत्र में भारत पाकिस्तान सीमा के पास करीब 125 भारतीय नौकाओं और 155 मछुआरों को वर्तमान सीजन में पाकिस्तानी समुद्री प्रशासन ने पकड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications