Bengaluru Weather: कर्नाटक में कई जिलों में 10°C से नीचे पहुंचा तापमान, IMD ने बेंगलुरू के लिए जारी किया अलर्ट
Bengaluru Weather: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू समेत पूरे राज्य में जनवरी की शुरुआत से ठंड का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में तेज़ गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 5 जनवरी को सुबह 8:30 बजे से 6 जनवरी 2026 को सुबह 7:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कई जिलों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिल में रहा। बेंगलुरु में भी अगले 48 घंटों में पारा 2°C और गिरने से ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (KSNDMC) ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के हवाले से बताया, "राज्य में शुष्क मौसम जारी रहेगा, जिसमें सर्द सुबहें, छिटपुट कोहरा और कई क्षेत्रों में सामान्य से कम न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।"

बेंगलुरू में दो दिनों तक पड़ेगी अधिक ठंडी
बेंगलुरु के मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3°C नीचे जाने और सुबहें अधिक ठंडी रहने की चेतावनी दी है। सुबह के समय कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता कम हो सकती है, खासकर खुले व निचले इलाकों में। हालांकि, बेंगलुरु में बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान हैं।
कर्नाटक के इन जिलों में 10°C से नीचे पहुंचा तापमान
विजयनगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 9.7°C दर्ज किया गया। चिक्कमगलुरु 9.9°C के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उत्तर और मध्य कर्नाटक के कई जिलों में तापमान 10°C के आसपास या इससे थोड़ा अधिक रहा, जो राज्य भर में बढ़ती सर्दी का संकेत देता है।
उत्तरा कन्नड़, धारवाड़, कोप्पल, बेलगावी, शिवमोग्गा, बागलकोट, बीदर, गदग और हावेरी में न्यूनतम तापमान 10°C से 10.7°C रहा। तुमकुरु, दावणगेरे, कोलार, कालाबुरागी, चिक्कबल्लापुरा और हासन जैसे आंतरिक जिलों में यह 11°C से 12°C तक रहा। कोडगु (12.6°C), रायचूर (12.6°C), मैसूरु (12.8°C) और यादगीर (13.1°C) में भी सुबह तेज़ ठंड महसूस की गई।
बेंगलुरु ग्रामीण में 13.3°C, बेंगलुरु दक्षिण में 13.9°C न्यूनतम तापमान रहा। बेंगलुरु शहरी क्षेत्र में 15.2°C दर्ज किया गया, हालांकि यहाँ भी तापमान में गिरावट की संभावना है। तटीय जिले अपेक्षाकृत गर्म रहे, जिनमें दक्षिण कन्नड़ में 17.5°C और उडुपी में 17.7°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कर्नाटक में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, कर्नाटक में मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह के समय ठंड और छिटपुट कोहरा छाया रहेगा। यह स्थिति विशेषकर दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में देखी जाएगी, जहाँ न्यूनतम तापमान सामान्य या इससे थोड़ा कम रह सकता है।
हालांकि, 9 और 10 जनवरी को मलनाड क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिससे शुष्क मौसम से कुछ राहत मिलेगी। इस दौरान पश्चिमी घाट के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
उत्तर आंतरिक कर्नाटक के जिलों - बीदर, बेलगावी, बागलकोट, विजयपुरा, धारवाड़, गदग, हावेरी, कोप्पल, रायचूर, यादगीर, कालाबुरागी, बल्लारी, चित्रदुर्ग और दावणगेरे में बादल छाए रहने के बावजूद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications