मां न बन पाने पर ससुरालवालों ने पार की हैवानियत की सारी हदें, महिला के शव को बाइक से 120 मीटर तक घसीटा
Belagavi News: कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संतान न होने के कारण एक महिला की उसके ससुरालवालों ने हत्या कर दी। मृतका की पहचान रेनुका के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने उसके ससुर कमन्ना, सास जयश्री और पति संतोष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. भीमाशंकर एस. गुलेड़ ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को सामने आई। शुरुआत में पुलिस को एक दुर्घटना की सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि रेनुका की सड़क हादसे में मौत हो गई। आरोपी कमन्ना, जयश्री और रेनुका तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। बाइक कमन्ना चला रहा था, जयश्री बीच में और रेनुका पीछे बैठी थीं।

रेनुका की शादी संतोष से पांच साल पहले हुई थी, लेकिन वह किसी बीमारी के कारण मां नहीं बन सकी। इसी वजह से कुछ समय पहले संतोष ने दूसरी शादी कर ली और दूसरी पत्नी गर्भवती है। इसके बाद ससुरालवाले रेनुका पर घर छोड़ने का दबाव बना रहे थे, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर उसे मौत के घाट उतारने की साजिश रची गई।
घटना वाले दिन रेनुका मंदिर से लौट रही थी, तभी ससुरालवाले उसे बाइक से लेने पहुंचे। कुछ दूरी पर बाइक रोककर उसे नीचे धक्का दिया गया। जब वह नहीं मरी, तो कमन्ना ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसकी साड़ी से शव को बाइक से बांधकर करीब 120 मीटर तक घसीटा गया, ताकि इसे सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में ही संदेह हो गया और कमन्ना से कड़ी पूछताछ की गई। आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह एक सोची-समझी और बेहद क्रूर हत्या है।












Click it and Unblock the Notifications