बाबा रामदेव लिख रहे हैं आत्मकथा 'बिइंग बाबा रामदेव', बताएंगे कैसे बने योग गुरू
नई दिल्ली। कभी पतंजलि उत्पादों को लेकर तो कभी राजनीतिक बयान के चलते सुर्खियों में रहने वाले योग गुरू बाबा रामदेव इन दिनों एक खास वजह से सुर्खियों में हैं। जी हां बाबा रामदेव इन दिनों आत्मकथा लिख रहे हैं और अगले साल तक यह बाजार में बिकने भी लगेगा। बाबा रामदेव की इस आत्मकथा का नाम 'बिइंग बाबा रामदेव' है। खास बात ये है कि बाबा रामदेव को अपनी आत्मकथा लिखने में इंडिया टूडे मैगजीन के उप-संपादक उदय महूरकर मदद करेंगे।

जानकारी के मुताबिक इस आत्मकथा में बाबा रामदेव के योग, पतंजलि और राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र किया जाएगा। इस आत्मकथा को लेकर बाबा रामदेव ने कहा है कि ''मेरे बारे में मीडिया में पहले ही काफी लोग बहुत कुछ लिख चुके हैं। लेकिन अब अपनी आत्मकथा में मैं अपने शब्दों में अपनी जिंदगी को लोगों के सामने लाउंगा।''
बाबा रामदेव ने आगे कहा कि 'मुझे बहुत प्रसन्नता है कि उदय महूरकर मेरे आत्मकथा लेखन में मेरे सहायक होंगे और पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया इसे प्रकाशित करेगा।' वहीं, किताब के सह लेखक उदय महूरकर ने कहा, 'मैं बाबा रामदेव के जीवन को 2002 से ही फॉलो कर रहा हूं और मैं खुशी हूं कि उन्होंने अपने जीवन की कहानी लोगों से बांटने के लिए मुझे सह लेखक के रूप में चुना है।
जानकारी के मुताबिक इस आत्मकथा में रामदेव के बचपन, उनके जीवन, योगगुरु बनने का दौर और राष्ट्रहित में चलाये गए आंदोलन जैसे कालाधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने का भी जिक्र किया जाएगा। पतंजलि सूत्रों के मुताबिक, आत्मकथा में कुछ जानकारियां ऐसी भी होंगी, जिनकी सार्वजनिक जानकारी फिलहाल किसी को नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications