'टाइपिंग की गलती है', AMU बीफ बिरयानी विवाद पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की सफाई
AMU Biryani Vivad: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के सर शाह सुलेमान हॉल में रविवार (9 फरवरी) को दोपहर के भोजन में 'बीफ बिरयानी' परोसे जाने का नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कथित तौर पर विश्वविद्यालय के दो अधिकृत व्यक्तियों द्वारा जारी किए गए नोटिस में लिखा था, "रविवार के दोपहर के भोजन के मेनू में बदलाव किया गया है और मांग के अनुसार चिकन बिरयानी के बजाय बीफ बिरयानी परोसी जाएगी।"
इस नोटिस के वायरल होते ही विश्वविद्यालय में हंगामा मच गया। इसके बाद AMU प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इसमें "टाइपिंग की गलती" है और यह भी आश्वासन दिया कि जिम्मेदार लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विश्वविद्यालय ने इसे "अनजाने में हुई गलती" बताते हुए खुद को इससे अलग कर लिया।

यूनिवर्सिटी ने कहा, "मामला हमारे संज्ञान में लाया गया। हमने पाया कि नोटिस भोजन मेन्यू के बारे में था, हालांकि, इसमें साफ तौर पर टाइपिंग की गलती थी। नोटिस को तुरंत वापस ले लिया गया, क्योंकि नोटिस में कोई आधिकारिक हस्ताक्षर नहीं थे, जिससे इसकी प्रामाणिकता पर संदेह उत्पन्न हो रहा था।" साथ ही यूनिवर्सिटी ने यह भी बताया, "हमारे प्रोवोस्ट ने जिम्मेदार दो वरिष्ठ छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हम विश्वविद्यालय के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहे हैं।"
यह भी पढ़ेंAMU के लंच मेन्यू में चिकन की जगह बीफ बिरयानी? सोशल मीडिया पर वायरल नोटिस ने मचाया बवाल
भाजपा नेता निशित शर्मा ने उठाए सवाल
भाजपा नेता और एएमयू के पूर्व छात्र निशित शर्मा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा, "इसमें प्रशासन की भूमिका शर्मनाक है। सर शाह सुलेमान हॉल में एक नोटिस प्रसारित किया गया था जिसमें कहा गया था कि चिकन बिरयानी के बजाय बीफ बिरयानी परोसी जाएगी।
नोटिस को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया। इसको देखना सीनीयर फूड कमेटी के सदस्यों की जिम्मेदारी थी। इस तरह की घटना से पता चलता है कि प्रशासन कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा दे रहा है और छात्रों के दुर्व्यवहार को छुपा रहा है।"
यह भी पढ़ें 'हो गई AAP के अंत की शुरुआत,आप ही जिम्मेदार' प्रशांत भूषण ने केजरीवाल पर किया बड़ा हमला












Click it and Unblock the Notifications