जरा संभल कर जाइये गणतंत्र दिवस परेड देखने
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) यूं तो 26 जनवरी को निकलने वाली गणतंत्र दिवस परेड को राजपथ से देखना कभी भी आसान नहीं होता, पर इस बार तो आपको परेड देखने का पास होने के बाद भी एंट्री ना मिले तो मायूस मत होइये।

सारे रिकार्ड टूटेंगे
कारण यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा को देखते हुए राजपथ पर सुरक्षा व्यवस्था पुराने सारे रिकार्ड तोड़ने जा रही है।
रोके जा सकते हैं
तीन स्तरीय सुरक्षा जांच में किसी भी प्वाइंट पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी किसी भी व्यक्ति को एंट्री से रोक सकता है। अगर कोई भी व्यक्ति संदिग्ध लगता है, तो उसे रोका जा सकता है और उसे रोकने का कारण बताने को पुलिस बाध्य नहीं है।
बंद रहेंगी इमारतें
राजधानी की सबसे बड़ी बिल्डिंग सिविक सेंटर 25 और 26 जनवरी को बंद रहेगी। गणंतत्र दिवस के आयोजनों के चलते 71 इमारतें आंशिक या पूरी तरह से बंद रहेंगी। इस बीच, ओबामा के ठहरने और परेड स्थल के आसपास पड़ने वाले फाइव स्टार होटलों, ऊंची इमारतों और यहां तक कि अस्पतालों की भी जांच की जा रही है।
गणतंत्र दिवस की कल फुल ड्रेस रिहर्सल देखने गए एक सज्जन ने बताया कि इस बार हर विजिटर को चेक करने के लिए 15 सेकंड का वक्त लग रहा है। दर्शकों को परेड स्थल पर कार्यक्रम शुरू होने से करीब एक घंटे पहले पहुंचना होगा, क्योंकि सुरक्षा जांच में समय लगेगा। परेड शुरू होने से आधे घंटे पहले एंट्री बंद कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक,26 जनवरी को राजघाट पर 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिन्हें दो दिन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किए जाने वाला एक सुरक्षा अभ्यास है जो संवेदनशील जगहों, जैसे एयरपोर्ट्स पर किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications